शिक्षक MLC चुनाव कर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण, डीएम ने कहा 'मतपत्र के पीछे सुभिन्नक चिह्न लगाकर हस्ताक्षर जरूर करें पीठासीन'
- by Manjesh Kumar
- 12-Oct-2026
- Views
सुलतानपुर (उप्र): जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह की उपस्थिति में रविवार को विकास भवन के प्रेरणा सभागार में गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र-2026 (विधान परिषद) को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए नियुक्त मतदान कार्मिकों एवं जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट का प्रथम प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिलाधिकारी ने सभी मतदान कार्मिकों और मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण को पारदर्शी व सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए प्रशिक्षण हैंडबुक और पीपीटी का भलीभांति अध्ययन कर लें। उन्होंने बताया कि यह चुनाव मतपत्र से होगा, इसलिए पीठासीन अधिकारी मतपत्र के पीछे सुभिन्नक चिह्न लगाकर अपने हस्ताक्षर अनिवार्य रूप से करेंगे। उन्होंने सभी कार्मिकों को मतपेटी को खोलने, बंद करने और सील करने की प्रक्रिया को भलीभांति सीखने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रत्नप्रिया ने बताया कि मतदान अभिकर्ता प्रारूप-10 लेकर आएंगे। पीठासीन अधिकारी अपने सामने मतदान अभिकर्ता से इस प्रारूप पर हस्ताक्षर कराकर फार्म जमा कर लेंगे और पास जारी करेंगे। उन्होंने मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय व तृतीय के कार्य व दायित्वों पर विस्तार से चर्चा की। जिला विकास अधिकारी गजेन्द्र तिवारी ने जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट के कार्य व दायित्व पर चर्चा करते हुए निर्देश दिया कि मतदान प्रक्रिया का निष्पक्ष रूप से अवलोकन करते हुए प्रत्येक दो-दो घंटे पर पड़े मतों की सूचना कंट्रोल रूम को देंगे।
मास्टर ट्रेनर सत्यदेव पाण्डेय ने रोल प्ले के माध्यम से मतदान की पूरी प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि प्रथम मतदान अधिकारी मतदाता की पहचान के प्रभारी होंगे। उन्होंने लिफाफे तैयार करने पर विस्तार से चर्चा की। मास्टर ट्रेनर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मतदान अधिकारी द्वितीय मतपत्र व अमिट स्याही के प्रभारी होंगे। उन्होंने टेंडर व चैलेंज वोट पर विस्तार से चर्चा की। प्रशिक्षण व्यवस्था देख रहे डॉ जनार्दन राय ने बताया कि मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण में 52 तथा जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट के प्रशिक्षण में 18 कार्मिकों ने प्रतिभाग किया। पीपीटी बनाने व संचालन में वकील अहमद व विपिन यादव ने सहयोग किया। प्रदीप यादव नाजिर, कालिका पाण्डेय व राम तीर्थ ने बैठक व्यवस्था तथा प्रोजेक्टर आदि में सहयोग किया।


Post a comment