हमारा संविधान लोकतंत्र की आत्मा और राष्ट्रीय एकता का आधार : डॉ. प्रेम कुमार
- by Raushan Pratyek Media
- 26-Nov-2026
- Views
हमारा संविधान लोकतंत्र की आत्मा और राष्ट्रीय एकता का आधार : डॉ. प्रेम कुमार
संविधान दिवस समारोह में बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने संवैधानिक आदर्शों के अनुपालन और नागरिक कर्तव्यों के निर्वहन का किया आह्वान
पटना। बिहार विधानसभा के विस्तारित भवन स्थित सभागार में संविधान दिवस के अवसर पर गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने बिहार सहित देशवासियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं दीं।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा भारतीय संविधान को अंगीकृत किया जाना देश के लोकतांत्रिक इतिहास का गौरवपूर्ण अध्याय है। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में प्रतिवर्ष संविधान दिवस मनाया जाता है। 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू होने के साथ ही भारत एक संप्रभु, लोकतांत्रिक गणराज्य बना।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक विधिक दस्तावेज नहीं, बल्कि हमारे लोकतंत्र की आत्मा, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का आधार है। यह प्रत्येक नागरिक के अधिकारों और कर्तव्यों का मार्गदर्शन करता है। संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्श राष्ट्र निर्माण की दिशा निर्धारित करते हैं। सुशासन, सामाजिक समरसता और जनकल्याणकारी व्यवस्था भी इन्हीं मूल्यों पर आधारित हैं।
संविधान के मूल्यों से मजबूत होती है लोकतांत्रिक व्यवस्था
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि संविधान की सर्वोच्चता, विधि का शासन, स्वतंत्र न्यायपालिका और विधायिका एवं कार्यपालिका के बीच संवैधानिक संतुलन भारतीय लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करते हैं। संविधान प्रत्येक नागरिक को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय सुनिश्चित करने का संकल्प व्यक्त करता है। यह जाति, धर्म, भाषा, क्षेत्र और लिंग के भेदभाव से ऊपर उठकर समानता और समान अवसर के सिद्धांत को स्थापित करता है।
उन्होंने संविधान निर्माताओं की दूरदर्शिता, गहन अध्ययन और व्यापक विचार-विमर्श का उल्लेख करते हुए बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के अतुलनीय योगदान को याद किया। साथ ही संविधान सभा के सभी सदस्यों के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।
अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्यों का पालन भी जरूरी
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक मजबूती संवैधानिक संस्थाओं के साथ नागरिकों की जागरूकता, जिम्मेदारी और सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। प्रत्येक नागरिक को अपने मौलिक अधिकारों के प्रति सजग रहने के साथ मौलिक कर्तव्यों का भी निष्ठापूर्वक पालन करना चाहिए।
उन्होंने राष्ट्रध्वज और राष्ट्रगान का सम्मान करने, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की रक्षा करने, सार्वजनिक संपत्ति को सुरक्षित रखने, पर्यावरण संरक्षण और समाज में भाईचारे एवं सद्भाव की भावना को बढ़ावा देने को प्रत्येक नागरिक का दायित्व बताया।
विधानसभा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का महत्वपूर्ण मंच
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि संसद और विधानमंडल लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा तथा जनआकांक्षाओं की अभिव्यक्ति के महत्वपूर्ण मंच हैं। बिहार विधानसभा जनभावनाओं और संवैधानिक मर्यादाओं का प्रमुख केंद्र है। यहां जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा, जनसमस्याओं का समाधान, कार्यपालिका की जवाबदेही सुनिश्चित करने और जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण के माध्यम से लोकतंत्र को सशक्त बनाया जाता है।
उन्होंने सदन की गरिमा, संसदीय परंपराओं और लोकतांत्रिक संवाद की मर्यादा बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
युवाओं से संविधान के आदर्श जीवन में अपनाने की अपील
डॉ. प्रेम कुमार ने युवाओं और छात्र-छात्राओं से आग्रह किया कि वे संविधान को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखें, बल्कि उसके आदर्शों और मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करें। उन्होंने कहा कि युवा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें, कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें और समाज एवं राष्ट्र के विकास में सकारात्मक योगदान दें।
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने सभी नागरिकों से संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक मर्यादाओं का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने सामाजिक समरसता, सद्भाव, राष्ट्रभक्ति और जनसेवा की भावना को अपनाकर विकसित, न्यायपूर्ण एवं सशक्त बिहार और भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने संविधान दिवस के महत्व और संवैधानिक आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिवर्ष इस आयोजन को निरंतर और व्यापक रूप से आयोजित करने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
सामूहिक राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन
समारोह में बिहार विधानसभा सचिवालय के वरीय पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन प्रभारी सचिव संजय कुमार सिंह ने किया। समारोह का समापन सामूहिक राष्ट्रगान और संविधान की प्रस्तावना में उल्लिखित आदर्शों के प्रति निष्ठा की शपथ के साथ हुआ।
इस अवसर पर विधानसभा के प्रभारी सचिव संजय कुमार सिंह, अमर कुमार झा, राजीव कुमार, संदीप कुमार राय, अदिति सोनल, रणविजय रोशन सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


Post a comment