पीएम के आगमन को लेकर जदयू में भी उत्साह, उप मुख्यमंत्री ने निशांत कुमार को लेकर कहा...

पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को प्रस्तावित बिहार दौरे को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। बीजेपी के साथ-साथ एनडीए के सहयोगी दल भी इस कार्यक्रम को सफल बनाने की तैयारियों में जुटे हैं। इसी सिलसिले में मंगलवार को उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने जेडीयू प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रधानमंत्री के दौरे को ऐतिहासिक बताया। विजय चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में बिहार के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। दिवाली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों के बाद प्रधानमंत्री का बिहार आना लोगों के बीच उत्साह और जुड़ाव को और बढ़ाएगा। उन्होंने दावा किया कि इस दौरे से वैशाली और समस्तीपुर समेत कई क्षेत्रों को विकास की नई सौगात मिलने की उम्मीद है।

इस दौरान कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का नाम नीतीश सेतु रखे जाने पर भी उप मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस पुल के निर्माण की शुरुआत नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री रहते हुई थी। निर्माण कार्य की प्रगति पर उनकी लगातार नजर रही और उन्होंने कई बार मौके पर पहुंचकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। विजय चौधरी ने पुल का नाम नीतीश कुमार के नाम पर रखे जाने को उनके योगदान का सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। वहीं, निशांत कुमार को उप मुख्यमंत्री बनाए जाने के सवाल पर विजय चौधरी ने खुलकर समर्थन जताया। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार में नेतृत्व और जिम्मेदारी संभालने की पूरी क्षमता है। पार्टी कार्यकर्ताओं की मांग पर वह संगठन और सरकार में आए हैं। विजय चौधरी के मुताबिक, नीतीश कुमार के बाद निशांत कुमार जेडीयू में नेतृत्व की भूमिका निभा सकते हैं।

  

Related Articles

Post a comment