छठ महापर्व पर भास्कर महोत्सव में कटिहार की शान मखाना ठेकुआ का भव्य विमोचन

मखाना ठेकुआ के माध्यम से छठ महापर्व की पारंपरिक खाद्य संस्कृति को कटिहार की विशिष्ट कृषि उपज के साथ जोड़ने का अभिनव प्रयास, कटिहार डीएम आशुतोष द्विवेदी किया विमोचन

कटिहार:  लोक आस्था के महापर्व छठ के पावन अवसर पर आयोजित भास्कर महोत्सव के दौरान बीएमपी घाट पर कटिहार जिले की विशिष्ट कृषि उपज मखाना से तैयार विशेष मूल्य संवर्धित उत्पाद मखाना ठेकुआ का विमोचन किया गया। इस विशेष उत्पाद का विमोचन डीएम आशुतोष द्विवेदी ने किया। कृषि विभाग एवं जिला प्रशासन के सहयोग से जुड़े एफपीओ समूह द्वारा निर्मित मखाना ठेकुआ का विमोचन का मुख्य उद्देश्य कटिहार के स्थानीय मखाना उत्पादक किसानों की उपज का मूल्य संवर्धन कर उसे आकर्षक एवं बाजारोन्मुखी खाद्य उत्पाद के रूप में विकसित करना तथा किसानों की आय में वृद्धि के नए अवसर सृजित करना है।

छठ महापर्व के अवसर पर बीएमपी घाट आने वाले श्रद्धालुओं एवं मखाना ठेकुआ के शौकीनों के लिए बीएमपी घाट के मुख्य द्वार पर विशेष मखाना ठेकुआ बिक्री केंद्र भी स्थापित किया गया। यहां श्रद्धालु इस विशेष उत्पाद का स्वाद लेने के साथ-साथ अपनी पसंद के अनुसार इसकी खरीदारी भी किया। इस बिक्री केंद्र के माध्यम से कटिहार के स्थानीय मखाना से तैयार मूल्य संवर्धित उत्पाद को सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। साथ ही, छठ महापर्व में आने वाले श्रद्धालुओं के बीच कटिहार के मखाना की विशेष पहचान एवं लोकप्रियता बढ़ेगी।

कटिहार जिला मखाना उत्पादन की दृष्टि से महत्वपूर्ण पहचान रखता है। यहां के किसानों द्वारा उत्पादित मखाना अपनी गुणवत्ता एवं विशिष्टता के लिए जाना जाता है। मखाना केवल एक कृषि उपज नहीं, बल्कि किसानों की आजीविका, स्थानीय अर्थव्यवस्था और क्षेत्रीय पहचान से भी जुड़ा हुआ है। इस अवसर पर डीएम, कटिहार आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि मखाना ठेकुआ का विमोचन केवल एक नए खाद्य उत्पाद का शुभारंभ नहीं, बल्कि कृषि आधारित ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, किसानों की उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त करने तथा स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने की सोच का प्रतीक है। इस पहल से कटिहार के मखाना को जिले से बाहर भी नई पहचान दिलाने तथा भविष्य में मखाना आधारित अन्य मूल्य संवर्धित उत्पादों के विकास का मार्ग प्रशस्त होने की उम्मीद है।

  

Related Articles

Post a comment