भारी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण संपन्न हुआ कोसी स्नातक चुनाव के लिए मतदान, बरारी में 44.70 प्रतिशत मतदान
- by Manjesh Kumar
- 23-Oct-2026
- Views
दो मतदान केंद्रों पर 1443 मतदाताओं में 645 ने डाले वोट, डीएम-एसपी समेत अधिकारियों ने लिया जायजा; 15 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला
कटिहार: बरारी प्रखंड परिसर स्थित दोनों मतदान केंद्रों पर शुक्रवार को कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव का मतदान भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। दोनों केंद्रों पर कुल 1443 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें 645 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार कुल मतदान 44.70 प्रतिशत रहा। चुनाव में 15 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होना है। प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 83 और 83(क) पर सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान हुआ। केंद्र संख्या 83 पर कुल 800 मतदाताओं में से 394 ने वोट डाले। इनमें 335 पुरुष और 59 महिला मतदाता शामिल रहीं।
वहीं, केंद्र संख्या 83(क) पर 643 मतदाताओं में से 251 ने मतदान किया। इनमें 209 पुरुष और 42 महिला मतदाता शामिल रहीं। दोनों केंद्रों के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार कुल 544 पुरुष और 101 महिला मतदाताओं ने मतदान किया। प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, ताकि मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
डीएम ने किया औचक निरीक्षण
मतदान के दौरान कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बरारी प्रखंड परिसर स्थित दोनों मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। वहीं, पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार, एडीएम विनोद कुमार और सदर एसडीपीओ-2 सुनील कुमार शर्मा ने भी मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मौके पर बरारी के अंचलाधिकारी मनीष कुमार सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
प्रशासनिक सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मतदान के बाद मतपेटिकाओं को जिला स्कूल परिसर स्थित वज्रगृह में जमा कराने की व्यवस्था की गई। अब सभी की निगाहें चुनाव परिणाम पर टिकी हैं, जिसमें 15 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा।


Post a comment