विद्यालय की जमीन पर दबंगों का कब्जा, सरकारी मापी में 2.17 डिसमिल जमीन गायब

शेखपुरा: नगर क्षेत्र के जमालपुर उत्क्रमित मध्य विद्यालय की जमीन पर अतिक्रमण का मामला सामने आने के बाद सरकारी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। सरकारी मापी में विद्यालय के नाम दर्ज 17 डिसमिल जमीन में मौके पर महज 14.83 डिसमिल भूमि ही पाई गई। मापी में 2.17 डिसमिल जमीन कम होने की पुष्टि हुई है। जानकारी के अनुसार वार्ड पार्षद कौशलेन्द्र कुमार ने सहयोग पोर्टल के माध्यम से आवेदन देकर विद्यालय की जमीन की मापी कराने की मांग की थी। इसके बाद अंचल कार्यालय के सरकारी अमीन धनंजय कुमार ने सरकारी अभिलेखों के आधार पर स्थल की मापी की।

मापी के दौरान विद्यालय की जमीन से सटे कई पक्के मकान भी पाए गए। मापी रिपोर्ट सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि विद्यालय की जमीन पर कब्जे के कारण स्कूल परिसर का क्षेत्रफल कम हो गया है, जिससे विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों ने अतिक्रमित जमीन को चिह्नित कर उसे जल्द कब्जामुक्त कराने की मांग की है। प्रधानाध्यापक सुधीर कुमार ने बताया कि इससे पहले भी विद्यालय की जमीन की मापी कराई गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। वर्तमान मापी रिपोर्ट अंचलाधिकारी को सौंपे जाने के बाद अब कार्रवाई की उम्मीद है।

  

Related Articles

Post a comment