कार्यकाल समाप्त होने से पहले ही बदल जाएगी डीजीपी विनय कुमार की जिम्मेदारी, बनाए जाएंगे...
- by Manjesh Kumar
- 26-Sep-2026
- Views
पटना: बिहार पुलिस को अब नया मुखिया मिलने जा रहा है जबकि वर्तमान डीजीपी विनय कुमार मुख्य सूचना आयुक्त चुना गया है। विनय कुमार को सूचना आयुक्त बनाए जाने को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बीच भी सहमति बन गई है। बैठक में डिप्टी सीएम विजय चौधरी भी मौजूद थे। जानकारी के अनुसार पूर्व मुख्य सूचना आयुक्त त्रिपुरारी शरण का कार्यकाल जून में समाप्त हो गया था जिसके बाद यह पद रिक्त था। अब विनय कुमार को मुख्य सूचना आयुक्त चुना गया है।
विनय कुमार 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। बतौर डीजीपी उनका कार्यकाल 12 दिसंबर 2026 तक है। इससे पहले ही उन्हें मुख्य सूचना आयुक्त की जिम्मेदारी देने पर सहमति बनी है। विनय कुमार 15 सितंबर से 21 दिनों की छुट्टी पर हैं। उन्होंने निजी कारणों का हवाला दिया था। उनकी गैरमौजूदगी में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी प्रीता वर्मा को डीजीपी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। विनय कुमार के मुख्य सूचना आयुक्त बनने के बाद उनके पुलिस सेवा से नई भूमिका में जाने की तस्वीर साफ हो गई है। औपचारिक अधिसूचना जारी होने के बाद वह नई जिम्मेदारी संभालेंगे। राज्य सूचना आयुक्त के लिए अंजनी कुमार सिंह के नाम पर भी सहमति बनी है। वह न्यायिक सेवा के अधिकारी रह चुके हैं। बिहार के विधि विभाग में सचिव की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। रिटायरमेंट के बाद उन्हें अब राज्य सूचना आयुक्त की जिम्मेदारी दी जा रही है।
विनय कुमार के नई जिम्मेदारी संभालने की स्थिति में बिहार को नया डीजीपी मिलेगा। इसके लिए प्रक्रिया पहले से चल रही है। बिहार सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नाम केंद्र सरकार को भेजे हैं, इसके बाद केंद्र सरकार की ओर से यूपीएससी के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा। यूपीएससी तीन नामों का पैनल तैयार कर बिहार सरकार को भेजेगी। इसके बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी किसी एक नाम पर अंतिम फैसला लेंगे। विनय कुमार की छुट्टी के बाद 1991 बैच की आईपीएस अधिकारी प्रीता वर्मा को डीजीपी का प्रभार दिया गया है। वह फिलहाल कार्यवाहक डीजीपी के रूप में जिम्मेदारी संभाल रही हैं। नए डीजीपी के लिए कई वरिष्ठ अधिकारियों के नाम चर्चा में हैं। इनमें प्रीता वर्मा के अलावा जितेंद्र सिंह गंगवार, जितेंद्र कुमार और कुंदन कृष्णन समेत अन्य अधिकारी शामिल हैं।


Post a comment