गया में 24.51 करोड़ के स्कूल सौदे पर विवाद, 3.85 करोड़ बकाया का आरोप, एफआईआर दर्ज

गया जी: गया में 22 साल पुराने हंसराज पब्लिक स्कूल की बिक्री को लेकर विवाद सामने आया है। 24 करोड़ 51 लाख रुपये के सौदे में 3 करोड़ 85 लाख रुपये बकाया रहने का आरोप लगाते हुए स्कूल के पूर्व संचालक मनीष रुखियार ने एफआईआर दर्ज कराई है। मनीष रुखियार के अनुसार, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण उन्होंने स्कूल बेचने का निर्णय लिया था। एग्रीमेंट और रजिस्ट्री के बाद बैंक ऑफ बड़ौदा तथा एचडीएफसी बैंक के माध्यम से भुगतान हुआ, लेकिन पूरी राशि नहीं मिली। उन्होंने टीडीएस भुगतान में भी अनियमितता का आरोप लगाया है।

पूर्व संचालक का दावा है कि बकाया रकम मांगने पर उन्हें धमकियां मिलीं। उन्होंने कानूनी नोटिस भेजने के साथ लेन-देन से संबंधित दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंपने की बात कही। इस मामले में 30 अक्टूबर को एफआईआर संख्या 767/2026 दर्ज कराई गई है। इधर, वर्तमान स्कूल प्रबंधन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर अपना पक्ष रखा है। प्रबंधन ने कहा कि मामला पुलिस जांच के अधीन है और वे जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं। प्रबंधन ने दस्तावेजों, बैंकिंग रिकॉर्ड और अन्य तथ्यों की निष्पक्ष जांच से सच्चाई सामने आने का भरोसा जताया। साथ ही, आरोप तथ्यहीन या बदनाम करने के उद्देश्य से लगाए जाने की स्थिति में कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

  

Related Articles

Post a comment