DM ने किया विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए कई निर्देश
- by Manjesh Kumar
- 02-Nov-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: समाहर्ता-सह-जिलाधिकारी कुमार गौरव ने सोमवार को मुजफ्फरपुर जिला में रेलवे की विभिन्न परियोजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की तथा कार्यों में अद्यतन प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को भू-अर्जन कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को विशेष रुचि लेकर परियोजना के क्रियान्वयन में आ रही छोटी-मोटी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने बैठक में मुजफ्फरपुर–सीतामढ़ी दोहरी रेल लाइन परियोजना, मुजफ्फरपुर– सुगौली दोहरी रेल लाइन परियोजना तथा छपरा–मुजफ्फरपुर नई रेल लाइन परियोजना में प्रगति की समीक्षा की गई। जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर द्वारा इस संबंध में प्रतिवेदन उपलब्ध कराया गया। उन्होंने बताया कि जिले में तीन प्रमुख रेलवे परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा भुगतान की कार्रवाई जारी है।
मुजफ्फरपुर–सीतामढ़ी दोहरी रेल लाइन परियोजना के तहत कुल निहित रकबा 9.42 एकड़ है। अधियाचना प्राप्ति की तिथि 18 सितंबर और अधिसूचना की तिथि 05 अक्टूबर है। इस परियोजना में छपरा मुबारक, झपहां (चा-4), शाहपुर मुतालुके अहियापुर तथा धरहरवा उर्फ परिधरहरवा मौजा शामिल है। अधिसूचना के प्रकाशन के 60 दिन के उपरांत धारा 20डी के तहत अधिघोषणा का प्रकाशन किया जाएगा। मुजफ्फरपुर– सुगौली दोहरी रेललाइन परियोजना के लिए भू अर्जन की समीक्षा में पाया गया कि इस परियोजना के अंतर्गत कुल निहित रकबा 39.83 एकड़ है। 38.04 एकड़ भूमि पर दखल-कब्जा की कार्रवाई पूरी की जा चुकी है। इस परियोजना के लिए अब तक 53.70 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई है, जिसमें से 40.21 करोड़ रुपये हितबद्ध रैयतों के बीच वितरित किए जा चुके हैं। मोतीपुर से संबंधित पंचाट को प्राधिकार न्यायालय में हस्तांतरित किया गया है। वहीं, महवल (चा.-1) मौजा में भू-धारकों द्वारा भुगतान प्राप्त नहीं किए जाने के कारण लगातार शिविर आयोजित किया गया है। मुआवजा राशि का भुगतान जारी है।
छपरा–मुजफ्फरपुर नई रेल लाइन परियोजना के लिए निहित रकबा कुल 138.34 एकड़ है। उप मुख्य अभियंता, पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर से प्राप्त अधियाचना के आलोक में सात मौजों में पंचाट घोषणा तक की कार्रवाई तथा सात मौजों में अधिघोषणा प्रकाशन तक की कार्रवाई पूरी की जा चुकी है। डीएम ने कहा कि रेलवे परियोजनाओं के क्रियान्वयन में अच्छी प्रगति है। जिला प्रशासन द्वारा रेलवे को हरसंभव सहायता उपलब्ध करायी जा रही है। ’’हरएक स्टेकहोल्डर यथा हितबद्ध रैयतों, आम जनता, क्रियान्वयन एजेंसियों सहित सभी को विश्वास’’ में लेते हुए योजनाओं का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि वे स्वयं परियोजना स्थलों का नियमित भ्रमण कर कार्यों में प्रगति का निरीक्षण करते हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों को रेलवे के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि परियोजनाओं के क्रियान्वयन से संबद्ध अधिकारी एवं कार्यकारी एजेंसी योजनाओं का गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए तत्परता से क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।


Post a comment