इंडियन बैंक के तीन बड़े बकायेदारों पर कार्रवाई, केस दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजे गए
- by Manjesh Kumar
- 02-Nov-2026
- Views
ऋण वसूली अभियान में बरारी पुलिस की कार्रवाई, तीनों आरोपी अलग-अलग गांवों के निवासी; बैंक के 135 अन्य बकायेदारों पर भी जल्द होगी कानूनी कार्रवाई
कटिहार: इंडियन बैंक की भंडारतल शाखा के ऋण बकायेदारों के खिलाफ बैंक और पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। ऋण राशि जमा नहीं करने वाले तीन बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में नवाडीह निवासी अब्दुल रहमान, पिता मो अरशद अली, कृषि फार्म बारीनगर निवासी सुरेंद्र पंडित, पिता महावीर पंडित तथा गांधी ग्राम बारीनगर निवासी नारायण शर्मा, पिता उचित शर्मा शामिल हैं।
गौरतलब है कि इंडियन बैंक की भंडारतल शाखा के ऋण बकायेदारों के खिलाफ वसूली की प्रक्रिया तेज की गई है। इससे पहले जिला नीलाम पत्र प्रशाखा, कटिहार की ओर से नौ बड़े बकायेदारों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। बैंक के अनुसार इन बकायेदारों पर कुल 38 लाख 88 हजार 612 रुपये की राशि बकाया है। वारंट के क्रियान्वयन के लिए बरारी पुलिस को निर्देश दिया गया था। शाखा प्रबंधक धनंजय कुमार के अनुसार, बैंक की ओर से अगले 10 से 15 दिनों में 135 अन्य खाताधारकों के खिलाफ भी मामला दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने एनपीए (गैर-निष्पादित परिसंपत्ति) खाताधारकों से अपील की है कि वे वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) योजना के तहत अपने बकाया ऋण का निपटारा कर खाता बंद कराएं।
बैंक प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि बकाया ऋण का भुगतान नहीं करने वाले खाताधारकों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। बैंक की इस पहल का उद्देश्य लंबे समय से लंबित ऋण की वसूली करना है।


Post a comment