सहयोग शिविर की तैयारी का विधायक ने लिया जायजा, कुव्यवस्था देख उप नगर आयुक्त को लगाई फटकार
- by Manjesh Kumar
- 08-Jul-2026
- Views
पूर्णिया: पूर्णिया सिटी स्थित आदर्श मध्य विद्यालय में नगर निगम के वार्ड संख्या 32, 33, 34 एवं 40 के नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित होनेवाले सहयोग शिविर का विधायक विजय खेमका ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 20 जून से 21 जुलाई तक इस स्थान पर चलने वाले सहयोग शिविर की कुव्यवस्था पर विधायक ने नाराजगी जताते हुए नगर निगम के नगर उप आयुक्त को फटकार लगाई। उन्होंने कहा प्रशासनिक अधिकारी सरकार की योजना एवं विभागीय निर्देश का पालन करते हुए निर्धारित समय सीमा में जनता की समस्याओं का समाधान ससमय सुनिश्चित करें।विधायक ने आदर्श मध्य विद्यालय का मुआयना किया तथा शिक्षकों से विद्यालय में शैक्षणिक वातावरण बनाने को कहा। प्रधानाध्यापक ने विद्यालय में निर्माणाधीन अधूरी चहारदीवारी एवं तालाब की कठिनाई से विधायक को अवगत कराया।
विधायक ने सिकंदरपुर पंचायत भवन में आयोजित सहयोग शिविर का भी निरीक्षण किया तथा उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायतों एवं नगर निकाय के वार्डों में सहयोग शिविर लगाए जा रहे हैं, जिसकी मॉनिटरिंग सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा की जाती है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है कि सभी प्रखंडों की पंचायतों एवं नगर निकायों के वार्डों में विभागीय निर्देशानुसार व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ सहयोग शिविर आयोजित किए जाएं तथा प्राप्त सभी आवेदनों का 30 दिनों के भीतर शत-प्रतिशत समाधान सुनिश्चित किया जाए। विधायक ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे प्रसाशन द्वारा घोषित निर्धारित तिथि से पूर्व तीस दिन तक सहयोग शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं के समाधान हेतु आवेदन करें तथा संबंधित विभाग से आवेदन की पावती रसीद अवश्य प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान का सबसे सुलभ एवं प्रभावी माध्यम है। सरकार की स्पष्ट मंशा है कि प्रशासन जनता के बीच सहयोग शिविर के माध्यम से उनकी समस्याओं का समाधान करे तथा सभी पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर और शत-प्रतिशत पहुंचे।


Post a comment