निर्माणाधीन सड़क बनी ग्रामीणों के लिए मुसीबत, आक्रोशित ग्रामीणों ने विधायक से कर दी ये मांग
- by Manjesh Kumar
- 30-Jun-2026
- Views
निर्माणाधीन सड़क बनी ग्रामीणों के लिए मुसीबत, अनियमितता और धीमी रफ्तार पर फूटा लोगों का गुस्सा। कुंडी ब्रिज से कुंडी गांव तक बनने वाली मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना की सड़क अधर में, बारिश में बढ़ी परेशानी; विधायक विजय सिंह निषाद से मिले ग्रामीण
कटिहार: कटिहार जिले के बरारी प्रखंड अंतर्गत मोहना चांदपुर पंचायत में मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना (अवशेष) के तहत कुंडी ब्रिज से संथालटोला, मोहना चांदपुर होते हुए कुंडी गांव तक निर्माणाधीन सड़क अब ग्रामीणों के लिए राहत की बजाय परेशानी का कारण बनती जा रही है। निर्माण कार्य की धीमी गति, गुणवत्ता को लेकर लगातार उठ रहे सवाल तथा बारिश के मौसम में बदहाल सड़क की स्थिति से लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद निर्माण एजेंसी की कार्यशैली में कोई सुधार नहीं हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क का निर्माण क्षेत्र के हजारों लोगों की वर्षों पुरानी मांग थी। सड़क बनने से मोहना चांदपुर, संथालटोला, कुंडी सहित आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद थी, लेकिन निर्माण कार्य शुरू होने के बाद से ही इसकी गुणवत्ता और कार्यप्रणाली पर सवाल उठते रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क के कई हिस्से ऐसे हैं जहां तीन से पांच फीट तक मिट्टी भराई किए बिना सड़क का निर्माण टिकाऊ नहीं हो सकता। इसके बावजूद पर्याप्त मिट्टी भराई किए बिना ही निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि इसी प्रकार कार्य किया गया तो पहली ही बाढ़ या बारिश में सड़क क्षतिग्रस्त हो सकती है और सरकार की लाखों रुपये की राशि व्यर्थ चली जाएगी। इस सड़क निर्माण को लेकर पूर्व में भाजपा के पूर्व विधायक विभाष चंद्र चौधरी भी निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता एवं निर्माण प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठा चुके हैं। उन्होंने संबंधित विभाग से जांच कराते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण कराने की मांग की थी। इसके बावजूद ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी की कार्यशैली में कोई विशेष बदलाव नहीं आया।
बारिश शुरू होने के साथ ही लोगों की चिंता और बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि नदी का जलस्तर बढ़ने पर यह पूरा इलाका जलमग्न हो जाता है और सड़क पर पानी चढ़ जाता है। ऐसे में बिना समुचित मिट्टीकरण और आवश्यक ऊंचाई दिए सड़क निर्माण कराना भविष्य में बड़ी समस्या खड़ी कर सकता है। वर्तमान समय में भी कई स्थानों पर सड़क की हालत इतनी खराब है कि पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। किसानों ने बताया कि यही सड़क उनके खेतों तक पहुंचने का प्रमुख मार्ग है। खराब सड़क के कारण कृषि कार्य पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। खेतों से धान, मक्का एवं अन्य फसलों को ट्रैक्टर के माध्यम से लाने-ले जाने में भारी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का दावा है कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आए दिन ट्रैक्टर पलटने की घटनाएं हो रही हैं। कई बार फसल से लदे ट्रैक्टर दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं, जिससे किसानों को हजारों रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं कराया गया तो बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाएगी।
इन्हीं समस्याओं को लेकर मोहना चांदपुर पंचायत के दर्जनों ग्रामीण वर्तमान विधायक विजय सिंह निषाद के आवास पहुंचे और उन्हें सड़क निर्माण की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में तेजी लाने, गुणवत्ता सुनिश्चित कराने तथा आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त मिट्टी भराई कराकर सड़क को टिकाऊ बनाने की मांग की। ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद विधायक विजय सिंह निषाद ने उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि सड़क निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सड़क मोहना चांदपुर, संथालटोला, कुंडी सहित आसपास के गांवों के हजारों लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और सरकार की मंशा भी ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर एवं टिकाऊ सड़क सुविधा उपलब्ध कराना है।
विधायक ने कहा कि वे स्वयं कार्यपालक अभियंता (एक्जीक्यूटिव इंजीनियर) को साथ लेकर निर्माण स्थल का निरीक्षण करने आएंगे तथा पूरे कार्य की बारीकी से समीक्षा करेंगे। निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण की गुणवत्ता, आवश्यक मिट्टी भराई, सड़क की ऊंचाई एवं अन्य तकनीकी मानकों की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता या निर्धारित मानकों की अनदेखी पाई जाती है तो संबंधित संवेदक एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के लिए विभाग को लिखा जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने के लिए वे विभागीय अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं। कार्यपालक अभियंता के साथ संयुक्त निरीक्षण के बाद आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे, ताकि सड़क का निर्माण गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा हो और क्षेत्र के लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों की निगरानी में सहयोग करने और कहीं भी गुणवत्ता में कमी दिखने पर तत्काल इसकी सूचना देने की अपील की।
ग्रामीणों ने विधायक के आश्वासन पर उम्मीद जताई कि अब विभागीय स्तर पर जल्द कार्रवाई होगी और लंबे समय से अधर में लटका सड़क निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन की समस्या से राहत मिल सकेगी। मौके पर भाजपा के मोहना चांदपुर पंचायत अध्यक्ष मुकेश कुमार चौधरी, जदयू के पंचायत अध्यक्ष पप्पू राम, अशोक कुमार चौधरी, विनोद रविदास, मनीष राम, मुकेश कुमार, अनिल महतो, भरत चौधरी, विकास यादव, कालू ठाकुर, रंजीत मंडल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।


Post a comment