पूर्णिया नगर निगम सशक्त स्थायी समिति की बैठक, मेयर ने विकास कार्यों में लापरवाही पर दी सीधी चेतावनी...
- by Manjesh Kumar
- 30-Jun-2026
- Views
पूर्णिया: नगर निगम सभागार में महापौर विभा कुमारी की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति की बैठक आयोजित हुई। सशक्त स्थायी समिति के चुनाव के बाद यह पहली बैठक थी। बैठक में महापौर विभा कुमारी ने उप महापौर, उप नगर आयुक्त एवं पदेन सदस्यों की उपस्थिति में पिछली बैठक की कार्यवाही की संपुष्टि की तथा नगर विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं पूर्व में लिए गए निर्णयों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान महापौर विभा कुमारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नगर विकास से जुड़ी सभी लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि आम नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
महापौर ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में जहां भी निर्माण कार्य चल रहे हैं, वहां गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। यदि कहीं भी निर्माण कार्य की गुणवत्ता में कमी पाई जाती है तो संबंधित संवेदक के साथ-साथ सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता पर विधि-संगत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता के मामले में किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मानसून को देखते हुए नगर निगम क्षेत्र के सभी बड़े एवं छोटे नालों की नियमित साफ-सफाई कराई जाएगी। साथ ही छोटे नालों की कनेक्टिविटी भी दुरुस्त की जाएगी, ताकि जलजमाव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके। सभी वार्डों में साफ-सफाई को लेकर कार्यरत एजेंसियों को भी सख्त निर्देश दिए गए।
महापौर ने संबंधित एजेंसियों को चेतावनी देते हुए कहा कि साफ-सफाई के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी एजेंसी की लापरवाही सामने आती है तो उसका भुगतान काटने के साथ-साथ उसे काली सूची (ब्लैकलिस्ट) में डालने की कार्रवाई भी की जाएगी। साथ ही सभी वार्डों में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए नियमित रूप से फॉगिंग कराने का भी निर्णय लिया गया। बैठक के दौरान सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के आलोक में राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के दोनों ओर से अतिक्रमण हटाने का निर्णय भी लिया गया। नगर निगम क्षेत्र में इस अभियान को सख्ती से लागू किया जाएगा। बैठक में यह भी तय किया गया कि अतिक्रमण हटाने के दौरान यदि किसी नगर निगम कर्मी पर कोई मुकदमा दर्ज होता है तो उसका विधिक निष्पादन नगर निगम द्वारा कराया जाएगा।
बैठक में हाल ही में पंचायत से नगर निगम क्षेत्र में शामिल हुए इलाकों में पेड़-पौधों की छंटाई एवं झाड़ियों की साफ-सफाई कराने का भी निर्णय लिया गया। सदस्यों ने कहा कि समय पर पेड़ों की छंटाई नहीं होने के कारण हल्की आंधी या बारिश में भी बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। इस दौरान बताया गया कि पूर्व की बैठक में पेड़ों की डालियां काटने वाली मशीन खरीदने का निर्णय लिया जा चुका है और जल्द ही इसकी खरीदारी की जाएगी। जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम कार्यालय में संचालित सभी विभागीय काउंटरों पर संबंधित विभाग का नाम-पट्ट (नेम प्लेट) लगाने का भी निर्णय लिया गया, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। वार्डों में आयोजित होने वाले सहयोग शिविरों की समीक्षा के दौरान पदेन सदस्यों ने बताया कि नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मी तो सहयोग शिविरों में उपस्थित रहते हैं, लेकिन प्रखंड एवं आपूर्ति विभाग के काउंटर प्रायः खाली रहते हैं। इस पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संबंधित विभागों को पत्र भेजकर सहयोग शिविरों में अधिकारियों एवं कर्मियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने का अनुरोध किया जाएगा।
बैठक में यह भी कहा गया कि बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद शहर में लगे अवैध होर्डिंग नहीं हटाए जा रहे हैं। इस पर नगर निगम क्षेत्र में लगे सभी अवैध होर्डिंग को अविलंब हटाने का निर्णय लिया गया। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी गई। बैठक में उप महापौर पल्लवी गुप्ता, उप नगर आयुक्त विजय प्रताप सिंह, पदेन सदस्य ममता सिंह, आशा महतो, कमली देवी, कुमारी खुशबू, मुर्शीदा खातून, स्वपन घोष एवं प्रदीप जायसवाल, सिटी मैनेजर पवन कुमार पवन, प्रधान सहायक उमेश यादव सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


Post a comment