PK का PM मोदी पर निशाना, बोले- बिहार की चिंता और विकास पर जितना फोकस होना चाहिए उतना नहीं, नीतीश सेतु का पूरा श्रेय नीतीश कुमार को

PK ने PM मोदी पर साधा निशाना, बोले- बिहार की चिंता और विकास पर जितना फोकस होना चाहिए उतना नहीं, नीतीश सेतु का पूरा श्रेय नीतीश कुमार को

पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे और नीतीश सेतु के उद्घाटन को लेकर जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (PK) ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार को लेकर प्रधानमंत्री को जितनी चिंता और फोकस करना चाहिए, उतना दिखाई नहीं देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आज नीतीश सेतु का उद्घाटन करने आ रहे हैं, यह अच्छी बात है, लेकिन इस पुल का निर्माण किसने कराया और इसका श्रेय किसे मिलना चाहिए, इस पर भी चर्चा होनी चाहिए।

प्रशांत किशोर ने कहा कि नीतीश सेतु के निर्माण को लेकर पिछले कुछ दिनों से क्रेडिट लेने की राजनीति और विवाद की बातें सुनने को मिल रही हैं। उन्होंने दावा किया कि इस पुल का कॉन्ट्रैक्ट वर्ष 2014 से पहले का रिकॉर्डेड है। ऐसे में इस पुल के निर्माण का पूरा श्रेय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को मिलना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नीतीश सेतु का पूरा श्रेय नीतीश जी को जाता है।

12 साल में बिहार दूसरे राज्यों से पीछे छूट रहा है: PK

प्रशांत किशोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बिहार के विकास को लेकर कई सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में बिहार दूसरे राज्यों की तुलना में लगातार पीछे छूट रहा है। चाहे प्रति व्यक्ति आय का मामला हो, जीडीपी ग्रोथ रेट हो, देश की कुल जीडीपी में बिहार का योगदान हो या फिर शिक्षा का क्षेत्र, हर मामले में बिहार की स्थिति को लेकर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है।

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से सवाल करते हुए कहा कि आखिर बिहार दूसरे राज्यों के मुकाबले कब खड़ा होगा? बिहार से लोगों का पलायन कब बंद होगा? राज्य में हर साल आने वाली बाढ़ से लोगों को राहत कब मिलेगी? उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को इन महत्वपूर्ण सवालों का जवाब देना चाहिए और बिहार के विकास को लेकर स्पष्ट दृष्टिकोण सामने रखना चाहिए।

नीतीश सेतु के नामकरण पर भी उठाए सवाल

प्रशांत किशोर ने नीतीश सेतु के नामकरण को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि पुल का नाम नीतीश कुमार के नाम पर रखा गया है, लेकिन इससे भी बेहतर होता कि नीतीश कुमार द्वारा घोषित सात निश्चय योजनाओं को सरकार पूरी ईमानदारी के साथ जमीन पर लागू करती।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार नीतीश कुमार के सात निश्चयों को सही तरीके से लागू करती और उनके उद्देश्यों को पूरा करती तो यह नीतीश कुमार के लिए कहीं अधिक सम्मान की बात होती।

PM मोदी आज कर रहे हैं नीतीश सेतु का उद्घाटन

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर 2026 को बिहार दौरे पर हैं। इस दौरान वे गंगा नदी पर बने छह लेन के कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल को नीतीश सेतु के रूप में राष्ट्र को समर्पित करने वाले हैं। यह पुल पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ता है। लगभग 19.7 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट में मुख्य पुल और एप्रोच सड़कें शामिल हैं।

प्रधानमंत्री के इस दौरे के दौरान बिहार में सड़क, ऊर्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी प्रस्तावित है।

प्रशांत किशोर के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में नीतीश सेतु के निर्माण का श्रेय, राज्य के विकास और पलायन जैसे मुद्दे एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं।

रिपोर्ट: पटना
Raushan Pratyek Media

  

Related Articles

Post a comment