

सरकारी पैसों से जदयू का प्रचार करवा रहे हैं नीतीश कुमार: तेजस्वी यादव
- by Raushan Pratyek Media
- 19-Apr-2025
- Views
महिला संवाद यात्रा पर उठाए सवाल, अरबों की बंदरबांट का लगाया आरोप
पटना, 19 अप्रैल 2025:बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर एक बार फिर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सरकारी खजाने का दुरुपयोग कर जदयू का चुनावी प्रचार करवा रहे हैं। तेजस्वी ने दावा किया कि हाल ही में शुरू हुई महिला संवाद यात्रा वास्तव में जदयू का प्रचार अभियान है, जिसे सरकारी पैसों से चलाया जा रहा है।
महिला संवाद पर निशाना:
तेजस्वी यादव ने कहा कि इस यात्रा के तहत 600 चुनावी रथ मंगवाए गए हैं, जिसका उद्देश्य केवल पार्टी का प्रचार है, न कि महिलाओं से संवाद। उन्होंने इसे "सरकारी पैसे का सबसे बड़ा दुरुपयोग" बताते हुए कहा कि इससे पहले भी नीतीश कुमार ने ग्रामीण विभाग के बजट से 2 अरब 25 करोड़ रुपए खर्च कर अपनी यात्रा करवाई थी।
कैबिनेट बैठक और टेंडर घोटाले का आरोप:
तेजस्वी ने कहा कि दिसंबर 2024 से अब तक केवल सात कैबिनेट बैठकें हुई हैं, जिनमें करीब 76 हजार करोड़ की स्वीकृति दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि हर टेंडर में 30% तक कमीशन तय होता है और सरकार के जाने की आशंका से आनन-फानन में टेंडर निकाले जा रहे हैं। उन्होंने इसे "सोची-समझी लूट" करार दिया।
भ्रष्टाचार के और भी आरोप:
नल-जल योजना पर सवाल उठाते हुए तेजस्वी ने कहा कि “ना नल में जल है, ना अस्पताल में दवा”।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में 5 हजार ऐसे पुल बने हैं, जिनका कोई उपयोग नहीं क्योंकि उनके साथ एप्रोच रोड ही नहीं बनाया गया।
एक इंजीनियर के यहां करोड़ों की बरामदगी पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पूछा कि आर्थिक अपराध इकाई ने अब तक उस पर केस क्यों नहीं किया और एक्सटेंशन क्यों दिया जा रहा है?
तेजस्वी का निष्कर्ष:
तेजस्वी यादव ने कहा कि "नीतीश सरकार अब अपने अंतिम दौर में है और डर की वजह से आखिरी समय में लूट की तैयारी की जा रही है।" उन्होंने नीतीश कुमार पर सत्ता के नाम पर योजनाओं का दुरुपयोग करने और राज्य को कर्ज में डुबोने का भी आरोप लगाया।।

Post a comment