मुजफ्फरपुर को करोड़ों की सौगात, शहर में बनेंगे 2 जल शोधन संयंत्र

मुजफ्फरपुर: शहरवासियों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में मुजफ्फरपुर को बड़ी उपलब्धि मिली है। अमृत 2.0 योजना के तहत 203.27 करोड़ रुपए की लागत से शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा। इसके तहत दो जल शोधन संयंत्र और 28 जलमीनारों का निर्माण कराया जाएगा। इनमें एक जल शोधन संयंत्र सिकंदरपुर में स्थापित होगा। योजना के पूरा होने से शहर के सभी वार्डों में स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

परियोजना के तहत 37 किलोमीटर मुख्य पाइपलाइन और 88.4 किलोमीटर फीडर नेटवर्क पाइपलाइन बिछाई जाएगी। साथ ही 9,125 नए हाउस कनेक्शन उपलब्ध कराने का प्रावधान है। मौजूदा जलापूर्ति कनेक्शनों का उपयोग करते हुए नए कनेक्शन भी दिए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक घरों तक पेयजल सुविधा पहुंचाई जा सकेगी। इस पूरी जलापूर्ति व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए पूर्णतः स्वचालित एससीएडीए सिस्टम से संचालित किया जाएगा। इससे जलापूर्ति व्यवस्था की निगरानी और संचालन अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए महापौर निर्मला साहू ने कहा कि यह सफलता महीनों के निरंतर प्रयास, दृढ़ संकल्प और मुजफ्फरपुर की जनता के आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने बताया कि शहर की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए उन्होंने 19 जुलाई 2026 को नई दिल्ली में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर लिखित मांग रखी थी। इसके बाद बिहार के तत्कालीन नगर विकास मंत्री नितिन नवीन के मुजफ्फरपुर आगमन के दौरान भी इस महत्वाकांक्षी योजना पर विस्तार से चर्चा की गई थी।

महापौर ने कहा कि आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के अपर सचिव के पत्र के माध्यम से योजना की स्वीकृति की जानकारी प्राप्त हुई है। यह परियोजना मुजफ्फरपुर के विकास और लाखों शहरवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर महापौर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की दूरदर्शी सोच और हर घर तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के संकल्प से शहरी विकास को नई गति मिल रही है। उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर एवं बिहार के पूर्व नगर विकास मंत्री श्री नितिन नवीन के प्रति भी आभार प्रकट किया।

महापौर ने कहा कि यह स्वीकृति मेरे लिए महज एक सरकारी उपलब्धि नहीं, बल्कि मुजफ्फरपुर की उन हजारों माताओं-बहनों की उम्मीदों का सम्मान है, जो अपने परिवार के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल चाहती हैं। शहर के प्रत्येक वार्ड और प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना मेरा संकल्प है। इस संकल्प को पूरा करने के लिए मेरे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। अंत में महापौर ने शहरवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुजफ्फरपुर का समग्र विकास और नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

रूपेश कुमार की रिपोर्ट

  

Related Articles

Post a comment