पूर्णिया विश्वविद्यालय में अनोखा गांधीवादी आंदोलन, कुलपति के पैर पकड़ रोए छात्र; मांगे अंकपत्र और प्रमाण पत्र
- by Raushan Pratyek Media
- 28-Nov-2026
- Views
पूर्णिया विश्वविद्यालय में अनोखा गांधीवादी आंदोलन, कुलपति के पैर पकड़ रोए छात्र; मांगे प्रमाण पत्र
पूर्णिया: पूर्णिया विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा सीमांचल के करीब 20 हजार छात्रों के अंक प्रमाण पत्र और मूल प्रमाण पत्र जारी करने पर रोक लगाए जाने के विरोध में शनिवार को अनोखा गांधीवादी आंदोलन किया गया। पूर्णिया विश्वविद्यालय बनाओ संघर्ष समिति के संस्थापक डॉ. आलोक राज और छात्र राजद के विश्वविद्यालय अध्यक्ष पीयूष पुजारा के नेतृत्व में छात्रों ने दंडवत प्रणाम करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से लंबित प्रमाण पत्र जारी करने की गुहार लगाई।
आंदोलन की शुरुआत पूर्णिया कॉलेज परिसर स्थित गांधी स्मृति स्थल से हुई। यहां छात्रों ने महात्मा गांधी को नमन किया और हाथों में तिरंगा लेकर दंडवत प्रणाम करते हुए पूर्णिया विश्वविद्यालय तक मार्च निकाला।
विश्वविद्यालय पहुंचने के बाद डॉ. आलोक राज और पीयूष पुजारा ने कुलपति, कुलानुशासक और छात्र कल्याण अध्यक्ष के सामने अपनी मांग रखी। इस दौरान दोनों नेताओं ने अधिकारियों के पैर पकड़कर रोते-बिलखते हुए छात्रों के अंकपत्र और मूल प्रमाण पत्र जारी करने की अपील की।
करीब 20 हजार छात्रों के भविष्य का मामला
आंदोलनकारियों ने सवाल उठाया कि सीमांचल के गरीब छात्रों ने विश्वविद्यालय में नामांकन लेकर आखिर क्या अपराध किया है, जो उन्हें हजारों की संख्या में प्रमाण पत्रों से वंचित रखा जा रहा है।
उनका आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन टीआर में कटिंग का हवाला देकर प्रमाण पत्र जारी करने पर रोक लगा रहा है। जबकि कई छात्रों को पहले ही अंकपत्र और प्रमाण पत्र जारी किए जा चुके हैं। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर कई विद्यार्थी आगे की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं और नौकरी भी कर रहे हैं।
राज्य सरकार और लोक भवन से हस्तक्षेप की मांग
डॉ. आलोक राज और पीयूष पुजारा ने कहा कि करीब 20 हजार छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब तक सांस रहेगी, छात्रों के अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी।
उन्होंने राज्य सरकार और लोक भवन से इस मामले में हस्तक्षेप करने तथा प्रभावित छात्रों को न्याय दिलाने की मांग की। आंदोलनकारियों ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन को जल्द से जल्द लंबित प्रमाण पत्र जारी करने की दिशा में कदम उठाना चाहिए।
प्रमाण पत्र जारी होने के बाद ही हो दीक्षांत समारोह
प्रदर्शन कर रहे छात्रों और नेताओं ने कहा कि जब हजारों विद्यार्थी अपनी डिग्री और प्रमाण पत्र के लिए परेशान हैं, तब दीक्षांत समारोह आयोजित करना उचित नहीं है। उनकी मांग है कि पहले छात्रों की समस्याओं का समाधान किया जाए और लंबित प्रमाण पत्र जारी किए जाएं।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन होगा तेज
इस आंदोलन में मोहम्मद लुकमान, ज्योतिष सहित कई छात्र-छात्राएं शामिल रहे। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।


Post a comment