विधायक ने सहयोग शिविर की तैयारियों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए कई निर्देश

पूर्णिया: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देशानुसार राज्य के सभी पंचायतों एवं नगर निकायों में प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को आयोजित होने वाले सरकारी सहयोग शिविर के माध्यम से आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। इसी क्रम में सदर विधायक विजय खेमका ने पूर्णिया पूर्व प्रखंड अंतर्गत राजीगंज पंचायत भवन तथा पूर्णिया नगर निगम क्षेत्र में वार्ड संख्या 42, 43 एवं 44 के लिए 2 जून मंगलवार को आयोजित होने वाले सरकारी सहयोग शिविर की तैयारियों की जानकारी प्रभारी जिला पदाधिकारी से प्राप्त की तथा शिविर स्थलों का निरीक्षण किया।

विधायक ने प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं नगर आयुक्त को राजीगंज पंचायत भवन तथा बेलौरी अंचित साह हाई स्कूल के पीछे खेल मैदान में आयोजित होने वाले शिविर में प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारी एवं कर्मचारी की  ससमय सुनिश्चित्ता के साथ जनता की सुविधा के लिए शिविर स्थल पर बैठने, पेयजल, बिजली एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं व्यवस्थित करने को कहा। विधायक ने पूर्णिया ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र की जनता से अपील करते हुए कहा कि वे अपने क्षेत्र की विकास संबंधी समस्याओं यथा प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय, नल-जल, नाली-गली, बिजली-पानी, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, साफ-सफाई, नक्शा, ट्रेड लाइसेंस, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, भूमि संबंधी मामलों, राशन कार्ड, आयुष्मान एवं हेल्थ कार्ड, लेबर कार्ड सहित अन्य सरकारी योजनाओं से संबंधित कार्यों के लिए ऑनलाइन अथवा शिविर स्थल पर आवेदन अवश्य दें।

विधायक ने कहा कि जीरो टॉलरेंस नीति पर चलने वाली एनडीए सरकार आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह संकल्पित है। विधायक ने कहा कि सरकार का स्पष्ट निर्देश है कि सरकारी सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए।  विधायक ने पूर्णिया विधानसभा सहित पूरे जिले के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में सरकारी सहयोग शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं के समाधान एवं सरकारी योजनाओं के लाभ हेतु आवेदन देने की अपील की।

  

Related Articles

Post a comment