मुजफ्फरपुर BJP विधायक को जान से मारने की धमकी देने वाला गिरफ्तार, शुरू हो गई राजनीति
- by Manjesh Kumar
- 10-May-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: इन दिनों बिहार के मुजफ्फरपुर के बीजेपी विधायक का मामला सोशल मीडिया पर नया रूप ले रहा है। दरअसल मुजफ्फरपुर नगर के बीजेपी विधायक रंजन कुमार पर सोशल मीडिया में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने रविवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मिठनपुरा निवासी मुकुंद कुमार उर्फ मुकुंद तिवारी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट, जालसाजी और उत्पाद अधिनियम समेत कुल सात आपराधिक मामले पहले से दर्ज है। हालांकि मामला तुल पकड़ता देख एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी देते हुए बताया कि दोनों पक्षों से मिले आवेदन के आधार पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
बता दें की मामला बीते शनिवार का है, जब विधायक रंजन कुमार ने मिठनपुरा थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि मुकुंद तिवारी ने उनकी तस्वीर का बिना अनुमति सोशल मीडिया पर इस्तेमाल कर आपत्तिजनक पोस्ट और टिप्पणी की। विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि जब वह अपने सहयोगियों के साथ आरोपी के घर पूछताछ करने पहुंचे, तब आरोपी पक्ष की ओर से मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। इस शिकायत के आधार पर मिठनपुरा थाना में मामला दर्ज किया गया है।
इधर मुकुंद तिवारी की पत्नी ने भी पुलिस को आवेदन देकर आरोप लगाया कि बीजेपी विधायक रंजन कुमार अपने समर्थकों के साथ उनके घर पहुंचे और मारपीट की। आवेदन में कई नामजद तथा 50 से 60 अज्ञात लोगों पर हंगामा और मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर बीजेपी विधायक पर गुंडागर्दी का आरोप लगाया और सरकार से कार्रवाई की मांग की। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि सोशल मीडिया पर विधायक की तस्वीर के साथ आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोप में मुकुंद तिवारी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस दोनों मामलों में आगे की जांच और कार्रवाई में जुटी हुई है। साथ ही लोगों से सोशल मीडिया पर किसी की तस्वीर या आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट नहीं करने की अपील की गई है।
मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट


Post a comment