परिवार के साथ पैतृक जिला गोपालगंज पहुंचे लालू यादव, रोहिणी आचार्य ने नीतीश कुमार को दिया ऑफर

परिवार के साथ पैतृक जिला गोपालगंज पहुंचे लालू यादव, रोहिणी आचार्य ने नीतीश कुमार को दिया ऑफर

गोपालगंज: आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव लंबे अरसे बाद अपने परिवार के साथ अपने पैतृक जिला गोपालगंज पहुंचे। उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और बेटी रोहिणी आचार्य भी मौजूद रहीं। लालू परिवार के पहुंचते ही जिले में राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, लालू प्रसाद यादव ने अपने दौरे को पूरी तरह पारिवारिक बताया है।

मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे लालू परिवार

लालू प्रसाद यादव ने बताया कि परिवार में आयोजित एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वे गोपालगंज आए हैं। पूरा परिवार जिला मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस में ठहरा हुआ है।

यहां से लालू यादव का काफिला उचकागांव थाना क्षेत्र के बरगछिया गांव जाएगा। वहां राबड़ी देवी की बहन के घर आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में परिवार के सदस्य शामिल होंगे।

इसके अलावा लालू प्रसाद यादव ने अपने पैतृक गांव फुलवरिया जाने और प्रसिद्ध थावे दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना करने की भी बात कही है।

रोहिणी आचार्य ने प्रधानमंत्री पर साधा निशाना

गोपालगंज पहुंचने के बाद रोहिणी आचार्य ने मीडिया से बातचीत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार और बिहार के लोगों से जो वादे किए गए थे, वे अब तक पूरे नहीं हुए हैं।

रोहिणी ने कहा कि सत्ता में बैठे लोगों को बिहार की जनता से किए गए वादों को पूरा करना चाहिए। उन्होंने राज्य के विकास और आम लोगों के हितों को प्राथमिकता देने की बात कही।

नीतीश कुमार के लिए पार्टी के दरवाजे खुले

पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर रोहिणी आचार्य ने कहा कि उनके लिए पार्टी में आने का दरवाजा हमेशा खुला है। उन्होंने नीतीश कुमार के अच्छे स्वास्थ्य की कामना भी की।

रोहिणी ने छठी मईया से प्रार्थना करते हुए कहा कि सत्ता में बैठे लोगों को सद्बुद्धि मिले, ताकि वे बिहार और यहां की जनता के हित में काम कर सकें।

लालू परिवार के दौरे से बिहार की सियासत में चर्चा

लंबे समय बाद लालू प्रसाद यादव के परिवार के साथ गोपालगंज पहुंचने से जिले में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। लालू यादव ने अपने दौरे को पारिवारिक कार्यक्रम तक सीमित बताया, लेकिन रोहिणी आचार्य के बयानों ने इसे राजनीतिक चर्चा का विषय बना दिया है।

अब इस दौरे को लेकर राजनीतिक हलकों में अलग-अलग चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल लालू परिवार का मुख्य कार्यक्रम रिश्तेदारों के यहां मांगलिक आयोजन में शामिल होना, पैतृक गांव फुलवरिया जाना और थावे दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना करना है।

  

Related Articles

Post a comment