कटिहार के बरारी थाना की पुलिस ने विभिन्न मामलों के 4 आरोपी को किया गिरफ्तार, भेजा जेल

कटिहार: अपराध एवं फरार अभियुक्तों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बरारी थाना पुलिस ने तीन अलग-अलग कांडों में कार्रवाई करते हुए चार नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में हत्या और गंभीर मारपीट के मामले के दो अभियुक्त, एक अन्य आपराधिक मामले का आरोपी तथा पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज मामले का प्राथमिकी अभियुक्त शामिल है। सभी को न्यायिक प्रक्रिया पूरी कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस के अनुसार, बरारी थाना में दर्ज मामले के प्राथमिक अभियुक्त अब्दुल मतीन, अमजद अली को गिरफ्तार किया गया। दोनों सिमराहा कान्तनगर के निवासी हैं वहीं बलुआ सुजापुर निवासी विजय पोद्दार उर्फ रवि पोद्दार तथा कलिकापुर निवासी रूपेश मंडल को भी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में फरार एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर इन आरोपियों को दबोचा गया। पुलिस का कहना है कि लंबित कांडों के निष्पादन और अपराध नियंत्रण को लेकर आगे भी अभियान जारी रहेगा तथा किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। बरारी थाना पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

  

Related Articles

Post a comment