जुगाड़ के सहारे दुकान तक पहुंच रहे बिजली के तार, हादसे को दे रहे दावत
- by Manjesh Kumar
- 09-Jul-2026
- Views
पुर्णिया: शहर में बिजली के तार की लुंज पुंज व्यवस्था है। मेडिकल हब में पांच सौ से ज्यादा दुकानें हैं और हर कोई जुगाड़ तकनीक से दुकान तक तार ले गये हैं। मेडिकल दुकानदार बिजली का कनेक्शन ले जाने में लापरवाही बरत रहे हैं जो लोगों के जान पर भारी पड़ सकती है। मनमाने तरीके से बिजली का तार क्लिनिक तक पहुंचा है। हर दिन हजारों मरीज लाइन बाजार में इलाज के लिए पहुंचते हैं। अभी बरसात का मौसम है ऐसे में कहां से कौन सा तार आपस में सट जाए और करंट दौड़ने लगे कोई नहीं जानता है।
शहर के मेडिकल हब लाइन बाजार में मकड़जाल के तरह फैला बिजली का तार हादसे को दावत दे रहा है। ये तस्वीर शिव मंदिर रोड स्थित क्लिनिक और मेडिकल दुकान की है। विद्युत विभाग के मानक ऊंचाई से तार नीचे लटक रहा है। किसी को कोई मतलब नहीं है। सभी बिजनेस में मशगूल हैं। हाथ उठाते ही बिजली के तार के संपर्क में लोग आ सकते हैं। मगर फिक्र किसे है बस रुपया कमाने से मतलब है। समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया तो कभी भी हादसा हो सकता है। पोल में रस्सी की तरह बिजली का तार लिपटा है। जरा भी शाट सर्किट हुआ तो फिर क्या होगा इसका सहज अंदाजा लगा सकते हैं।


Post a comment