सुबह सुबह लखीसराय में भीषण सड़क हादसा, बच्चा समेत 5 लोगों की मौत, 3 जख्मी
- by Manjesh Kumar
- 24-Nov-2026
- Views
लखीसराय: बिहार के लखीसराय से बड़ी खबर सामने आ रही है। मंगलवार की अहले सुबह एक तेज रफ्तार ने पांच लोगों की जिंदगी छीन ली। हादसा इतना भयानक था कि टक्कर के बाद स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। दरअसल, लखीसराय-जमुई मुख्य मार्ग पर तेतरहाट थाना क्षेत्र के गुणसागर गांव के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और सामने से आ रहे ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो जमुई की ओर से आ रही थी, तभी अचानक ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई।
टक्कर की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस हादसे में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में दो महिलाएं, एक बच्चा और दो पुरुष शामिल बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीन घायलों का इलाज जारी है। इनमें एक की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। इधर, हादसे की जानकारी मिलते ही तेतरहाट थानाध्यक्ष इलू उपाध्याय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया।


Post a comment