ग्रामीण विकास की जमीनी हकीकत से रूबरू होंगे 55 प्रशिक्षु BPSC
- by Manjesh Kumar
- 23-Nov-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: सोमवार को बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से विभिन्न पदों पर चयनित 55 प्रशिक्षु अधिकारियों के चौथे फाउंडेशन बैच के लिए मुजफ्फरपुर में सात दिवसीय एक्सपोजर कम विलेज इमर्शन कार्यक्रम की शुरुआत हुई। जीविका, मुजफ्फरपुर के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रशिक्षु अधिकारियों को ग्रामीण समाज की वास्तविक परिस्थितियों, विकास की जमीनी चुनौतियों, सामुदायिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली और ग्रामीण आजीविका संवर्धन के लिए संचालित सरकारी प्रयासों से प्रत्यक्ष रूप से अवगत कराना है।
कार्यक्रम के तहत सोमवार को एक स्थानीय होटल में परिचय एवं प्रारंभिक ब्रीफिंग सत्र आयोजित किया गया। इसमें जीविका, मुजफ्फरपुर की ओर से अधिकारियों को बिहार में ग्रामीण विकास के क्षेत्र में जीविका की भूमिका, इसकी संस्थागत संरचना तथा विभिन्न विकासात्मक गतिविधियों और हस्तक्षेपों की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस दौरान स्वयं सहायता समूहों के गठन एवं संचालन, ग्राम संगठन और संकुल स्तरीय संघ की भूमिका, महिला सशक्तीकरण, वित्तीय समावेशन तथा ग्रामीण परिवारों की आजीविका के विभिन्न आयामों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ सामुदायिक संस्थाओं के समन्वय, उनके प्रभावी क्रियान्वयन और योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में जीविका की भूमिका को रेखांकित किया गया।
जीविका के प्रबंधकों ने विषयवार प्रस्तुतियों के माध्यम से बताया कि किस प्रकार स्वयं सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ सामाजिक बदलाव, सामुदायिक नेतृत्व और निर्णय प्रक्रिया में उनकी भागीदारी को भी सशक्त कर रहे हैं। इस क्रम में महिला उद्यमिता, स्वरोजगार, आयवर्धक गतिविधियों और ग्रामीण महिलाओं के नेतृत्व विकास से जुड़े अनुभव भी साझा किए गए।
प्रारंभिक ब्रीफिंग के बाद बिपार्ड, गया से आए सभी 55 प्रशिक्षु अधिकारी जिले के दो प्रखंडों— मुसहरी और मड़वन में पांच दिनों तक क्षेत्रीय भ्रमण एवं ग्राम प्रवास करेंगे। इस दौरान वे जीविका दीदियों के साथ रहकर ग्रामीण जीवनशैली, स्वयं सहायता समूहों की कार्यप्रणाली, ग्राम संगठन एवं संकुल स्तरीय संघ के प्रबंधन तथा विभिन्न आजीविका गतिविधियों को करीब से समझेंगे। साथ ही, ग्रामीण परिवारों से सीधा संवाद कर सरकारी योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन, स्थानीय जरूरतों और विकास की राह में आने वाली चुनौतियों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करेंगे। कार्यक्रम के प्रारंभ मे डीपीएम अनीशा ने सभी प्रशिक्षकों का स्वागत करते हुए जीविका के बारे में संपूर्ण गतिविधियों से अवगत कराया। कार्यक्रम का संचालन संचार प्रबंधक राजीव रंजन ने किया।
यह विलेज इमर्शन कार्यक्रम प्रशिक्षु अधिकारियों के प्रशासनिक प्रशिक्षण को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से उन्हें ग्रामीण समाज की सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों को करीब से समझने तथा विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में सामुदायिक भागीदारी के महत्व को जानने का अवसर मिलेगा। यह अनुभव भविष्य में प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन के दौरान अधिक संवेदनशील, सहभागी और जनोन्मुखी दृष्टिकोण विकसित करने में सहायक होगा। कार्यक्रम का समापन 28 नवंबर को आयोजित समापन सत्र के साथ होगा। इसके उपरांत सभी प्रशिक्षु अधिकारी बिपार्ड, गयाजी लौट जाएंगे। इस दौरान मसरूर अहमद ,बृजेश कुमार, अजित कुमार सहित कई प्रशिक्षु उपस्थित रहे।
मुजफ्फरपुर रूपेश कुमार की रिपोर्ट


Post a comment