24 नवंबर 2005 को बिहार में हुआ सुशासन का सूर्योदय, नीतीश कुमार ने मिटाया कुशासन का अंधकार: उमेश कुशवाहा

24 नवंबर 2005 को बिहार में हुआ सुशासन का सूर्योदय, नीतीश कुमार ने मिटाया कुशासन का अंधकार: उमेश कुशवाहा

पूरे प्रदेश में धूमधाम से मनाया जाएगा ‘सुशासन दिवस-नीतीश संवाद’, जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष ने नीतीश कुमार के दो दशक के कार्यकाल को बताया ऐतिहासिक

पटना: बिहार जनता दल (यू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि 24 नवंबर 2005 की तारीख बिहार के इतिहास में एक निर्णायक और ऐतिहासिक मोड़ साबित हुई। इसी दिन नीतीश कुमार ने बिहार की कमान संभालकर कुशासन के अंधकार को समाप्त किया और ‘न्याय के साथ विकास’ की नई यात्रा शुरू की। उनके अनुसार, पिछले दो दशकों में बिहार ने विकास और सुशासन के क्षेत्र में एक नई पहचान बनाई है।

नीतीश कुमार के नेतृत्व में बदली बिहार की तस्वीर

उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार ने एक कुशल शिल्पी की तरह बिहार को नए स्वरूप में गढ़ने और संवारने का काम किया है। उनके मुताबिक, 1990 के दशक में बिहार पिछड़ेपन और अव्यवस्था का प्रतीक माना जाता था, लेकिन आज राज्य सुशासन, न्याय के साथ विकास और महिला सशक्तिकरण के मॉडल के रूप में स्थापित हुआ है।

उन्होंने इस बदलाव का श्रेय नीतीश कुमार की दूरदर्शी सोच, दृढ़ इच्छाशक्ति और जनकल्याणकारी नीतियों को दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने महात्मा गांधी, डॉ. राममनोहर लोहिया, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर, लोकनायक जयप्रकाश नारायण और जननायक कर्पूरी ठाकुर के विचारों एवं सिद्धांतों को धरातल पर उतारने का प्रयास किया है। इसका उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना रहा है।

बिहार के प्राचीन गौरव को फिर से स्थापित करने का प्रयास

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार के प्राचीन गौरव और खोई हुई प्रतिष्ठा को दोबारा स्थापित करने के लिए लगातार काम किया है। उनके नेतृत्व में राज्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने वाले कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं।

उन्होंने लगभग 800 वर्षों बाद नालंदा विश्वविद्यालय की पुनर्स्थापना, प्राचीन विक्रमशिला विश्वविद्यालय को पुनर्जीवित करने की स्वीकृति, राजगीर में अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन और वैशाली में विश्वस्तरीय बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय एवं स्मारक के निर्माण को महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताया।

इसके अलावा बोधगया में अंतरराष्ट्रीय बौद्ध केंद्र की स्थापना को भी बिहार की वैश्विक पहचान मजबूत करने वाला कदम बताया। उमेश कुशवाहा ने कहा कि बिहार संग्रहालय को विश्व स्तर पर नौवां और एशिया में पहला स्थान मिलना भी राज्य की बढ़ती प्रतिष्ठा को दर्शाता है।

‘बिहारी’ होने पर आज गर्व और स्वाभिमान

उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि एक समय ऐसा था, जब राज्य के बाहर ‘बिहारी’ कहलाना अपमान का विषय माना जाता था। लेकिन नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए व्यापक बदलाव के बाद आज बिहारी होना गर्व और स्वाभिमान का विषय बन चुका है।

उन्होंने कहा कि बिहार ने विकास और सुशासन के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। राज्य की उपलब्धियां और बदलती छवि इस बात का प्रमाण हैं कि सही नेतृत्व और जनकल्याणकारी नीतियों से बड़ा बदलाव संभव है।

पूरे बिहार में आयोजित होगा ‘सुशासन दिवस-नीतीश संवाद’

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि बिहार में आए ऐतिहासिक बदलाव और सुशासन के दो दशकों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनता दल (यू) की ओर से पूरे प्रदेश में ‘सुशासन दिवस-नीतीश संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम पूरे प्रदेश में हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। इसके माध्यम से लोगों को बिहार में हुए विकास कार्यों, सुशासन की उपलब्धियों और नीतीश कुमार के नेतृत्व में शुरू की गई योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी।

  

Related Articles

Post a comment