गया जी से बैंकाक के लिए अब सीधी फ्लाइट, सीएम सम्राट ने किया शुभारंभ

गया जी: बिहार में अंतर्राष्ट्रीय हवाई संपर्कता के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गया जी से बैंकॉक के लिए इंडिगो एयरलाइंस की पहली नॉन-स्टॉप अंतर्राष्ट्रीय उड़ान सेवा का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस नई हवाई सेवा से बिहार की अंतर्राष्ट्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी और विशेष रूप से मगध क्षेत्र में पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने यात्रा करनेवाले सभी यात्रियों को शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि बिहार में नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में लगातार विस्तार किया जा रहा है। गयाजी से बैंकॉक के लिए सीधी उड़ान शुरू होने से गयाजी का अंतर्राष्ट्रीय संपर्क और सुदृढ़ होगा। इससे भगवान बुद्ध की ज्ञान एवं करुणा की भूमि बिहार और थाईलैंड के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक तथा पर्यटन संबंधों को नई गति मिलेगी।  मुख्यमंत्री ने कहा कि गयाजी विश्वभर के बौद्ध श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष महत्व रखता है। सीधी अंतर्राष्ट्रीय उड़ान उपलब्ध होने से विदेशों से आने वाले पर्यटकों को सुविधा मिलेगी और बोधगया सहित पूरे मगध क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं का विस्तार होगा। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था, होटल, परिवहन, हस्तशिल्प तथा अन्य पर्यटन आधारित व्यवसायों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि बिहार की समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत और स्थानीय उत्पादों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए बेहतर हवाई संपर्कता महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने इस पहल में सहयोग के लिए इंडिगो एयरलाइंस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में अंतर्राष्ट्रीय हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए सहयोग और समन्वय को आगे भी प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पटना, दरभंगा, गयाजी और पूर्णिया एयरपोर्ट के माध्यम से एयर कनेक्टिविटी को बढ़ावा दिया जा रहा है। बिहार में नये अंतर्राष्ट्रीय मार्गों पर हवाई सम्पर्कता बढ़ाने की नीति पर काम किया जा रहा है। इंडिगो एयरलाइंस से इस दिशा से सहयोग की अपेक्षा है। बेहतर हवाई संपर्कता से बिहार को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नई संभावनाओं से जोड़ने में मदद मिलेगी। गयाजी से बैंकॉक के बीच यह उड़ान सेवा सप्ताह में दो दिन संचालित होगी। यह पहल बिहार को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और अधिक सशक्त बनाने तथा राज्य के विकास को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।

कार्यक्रम में इंडिगो एयरलाइंस के स्पेशल डायरेक्टर आर के सिंह ने मुख्यमंत्री को हरित पौधा भेंटकर स्वागत किया। आर के सिंह ने मुख्यमंत्री को गयाजी-बैंकॉक मार्ग पर इंडिगो एयरलाइंस की प्रथम नॉनस्टॉप उड़ान का सांकेतिक रूप से बोर्डिंग पास भेंट किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, इंडिगो एयरलाइंस के स्पेशल डायरेक्टर आर के सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, सिविल विमानन विभाग के सचिव नीलेश रामचन्द्र देवरे सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे जबकि गयाजी से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से विधायकगण, जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी, अन्य वरीय अधिकारीगण एवं इंडिगो एयरलाइंस के अधिकारी उपस्थित थे।

  

Related Articles

Post a comment