शेखपुरा में ऑनलाइन जुए का भंडाफोड़, गुमटी से दुकानदार गिरफ्तार, मोबाइल और 17 पर्चियां बरामद

शेखपुरा: जिले के गिरिहिंडा बस स्टैंड के सामने एक गुमटी में ऑनलाइन जुआ खेलने और खिलाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुमटी संचालक पंकज कुमार को गिरफ्तार किया है। उसके पास से मोबाइल फोन, 600 रुपये नकद और जुए में इस्तेमाल होने वाली 17 पर्चियों के स्क्रीनशॉट बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 को संध्या गश्ती के दौरान प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक संतोष कुमार को गुप्त सूचना मिली कि गिरिहिंडा बस स्टैंड के सामने स्थित गुमटी में ऑनलाइन माध्यम से जुआ खेलवाया जाता है।

वरीय अधिकारियों को सूचना देने के बाद निर्देशानुसार कार्रवाई की गई और गुमटी संचालक पंकज कुमार को पकड़ा गया। पूछताछ में पंकज ने कथित तौर पर बताया कि विभिन्न संख्याओं वाले कोड उसे सतेंद्र कुमार उर्फ साको भेजता था। इन्हीं संख्याओं के माध्यम से ऑनलाइन लिंक पर जुआ खेला जाता था। पुलिस ने पंकज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में फरार बताए जा रहे सतेंद्र कुमार उर्फ साको की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी दल में शेखपुरा थाना पुलिस और डीआईयू की टीम शामिल थी।

  

Related Articles

Post a comment