डीएम ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का किया शुभारंभ

शेखपुरा: राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को जमालपुर आंगनबाड़ी केंद्र से अभियान का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी शेखर आनंद ने पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ संजय कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अशोक कुमार सिंह तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक दयाशंकर निधि सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि पोलियो उन्मूलन तभी संभव है, जब पांच वर्ष से कम आयु का प्रत्येक बच्चा पोलियो की खुराक प्राप्त करे। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की दो बूंद दवा पिलाएं और स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करें।

उन्होंने कहा कि जिले में 1,43,922 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 305 हाउस-टू-हाउस टीम, 72 मोबाइल टीम तथा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन समेत प्रमुख स्थानों पर ट्रांजिट टीमों की तैनाती की गई है। सिविल सर्जन डॉ संजय कुमार ने कहा कि पोलियो से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर दवा की खुराक देना है। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा के साथ अभियान को सफल बनाने की अपील की। अंत में लोगों से "हर बच्चा–हर बार, दो बूंद जिंदगी की" संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

शेखपुरा से धीरज सिन्हा की रिपोर्ट

  

Related Articles

Post a comment