डीएम का नाम और तस्वीर दिखाकर वसूली का खेल! उद्योग संचालक से 5 हजार ऐंठे, अब 40 हजार की मांग, यूट्यूबर के खिलाफ एफआईआर
- by Manjesh Kumar
- 04-Nov-2026
- Views
शेखपुरा: जिले में खुद को पत्रकार बताने वाले एक यूट्यूबर पर डीएम का नाम और तस्वीर इस्तेमाल कर उद्योग संचालक को धमकाने तथा रुपये वसूलने का गंभीर आरोप लगा है। मामला महुली थाना क्षेत्र का है, जहां आइसक्रीम उद्योग संचालक अरविंद कुमार ने संतोष अंजना के खिलाफ थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आवेदन के अनुसार, अरविंद कुमार जनवरी 2026 से महुली बाजार में किराये के मकान में आइसक्रीम उत्पादन का कारोबार कर रहे हैं।
आरोप है कि 19 अक्टूबर को संतोष अंजना उनके उद्योग पर पहुंचा और उद्योग बंद करवाने की धमकी देते हुए पांच हजार रुपये की मांग की। डर के कारण संचालक ने 2500 रुपये नकद और 2500 रुपये फोन-पे के माध्यम से दे दिए। इसके बावजूद 31 अक्टूबर को दोबारा उद्योग पहुंचकर 40 हजार रुपये की मांग की गई। उस समय संचालक की पत्नी रूबी कुमारी भी मौजूद थीं।पीड़ित पक्ष का आरोप है कि यूट्यूबर ने डीएम की तस्वीर दिखाकर और उनके नाम से मोबाइल में सेव नंबर पर बातचीत कराकर परिवार को डराने का प्रयास किया।
आरोप है कि वरीय प्रशासनिक अधिकारियों के नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल कर लोगों पर दबाव बनाया जा रहा था। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित यूट्यूबर पूर्व में ठगी समेत अन्य विवादों में घिर चुका है। हालांकि, पूर्व के एक मामले में उसे न्यायालय से बरी किए जाने की बात भी सामने आई है। इस संबंध में एसडीपीओ डॉ राकेश कुमार ने बताया कि वरीय प्रशासनिक अधिकारियों के नाम पर ठगी करने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। आरोप सत्य पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं डीएम शेखर आनंद ने भी स्पष्ट कर दिया है की महुली थाना में मुकदमा दर्ज कर दिया गया है. जांच में सही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जायगी। फिलहाल यह मामला जांच के दायरे में है। पुलिस की जांच और साक्ष्यों से ही स्पष्ट होगा कि अधिकारियों के नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल कर वसूली किए जाने के आरोपों में कितनी सच्चाई है।


Post a comment