डीएम के जनता दरबार में 29 मामलों की सुनवाई, भूमि विवादों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
- by Manjesh Kumar
- 14-Sep-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: जिलाधिकारी कुमार गौरव ने सोमवार को समाहरणालय में जनता दरबार का आयोजन कर आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई की। जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने सभी आवेदनों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जनता दरबार में कुल 29 आवेदन प्राप्त हुए इनमें सर्वाधिक मामले भूमि एवं राजस्व से संबंधित रहे। दाखिल-खारिज, सीमांकन, अतिक्रमण, भू-विवाद एवं परिमार्जन से जुड़ी समस्याओं को लेकर लोगों ने आवेदन दिया। जिलाधिकारी ने भूमि संबंधी मामलों को संबंधित अंचलाधिकारियों को भेजते हुए निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें तथा की गई कार्रवाई से संबंधित प्रतिवेदन निर्धारित समय-सीमा के भीतर उपलब्ध कराएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि भूमि एवं राजस्व से संबंधित मामलों का त्वरित एवं विधिसम्मत समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में अनावश्यक विलंब न हो तथा आवेदकों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने की दिशा में गंभीरतापूर्वक कार्रवाई की जाए। जनता दरबार में शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। इसके अलावा कल्याण विभाग, पंचायत स्तर पर संचालित योजनाओं तथा अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों एवं समस्याओं को भी जिलाधिकारी ने सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी कुमार गौरव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरतापूर्वक परीक्षण करते हुए समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित पदाधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य आम नागरिकों को सुगम, पारदर्शी एवं त्वरित प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना है। जनता दरबार के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के प्रभावी निष्पादन को लेकर प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि उनका नियमानुसार त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। जनता दरबार के दौरान विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।
मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट


Post a comment