शेखपुरा के बाढ़ पीड़ित इलाके में पहुंचे पूर्व उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा, लोगों को मदद का भरोसा दिया
- by Manjesh Kumar
- 14-Sep-2026
- Views
शेखपुरा: जिले के घाटकुसुम्भा प्रखंड में बाढ़ की स्थिति के बीच रविवार को पानापुर गांव में राजनीतिक नेताओं का दौरा हुआ। बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों की परेशानी की जानकारी मिलने के बाद राजद के पूर्व विधायक विजय सम्राट पानापुर पहुंचे और ग्रामीणों से मुलाकात कर बाढ़ से उत्पन्न समस्याओं की जानकारी ली। इसी दौरान क्षेत्र भ्रमण करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा का काफिला भी पानापुर पहुंच गया। विजय कुमार सिन्हा ने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने बाढ़ के कारण आवागमन, राहत और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी परेशानियों को उनके सामने रखा।
ग्रामीणों ने बताया कि बाढ़ का पानी फैलने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। कई परिवारों को आवश्यक कार्यों के लिए भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। दोनों नेताओं ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित स्तर पर पहल कर समस्याओं के जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। पानापुर में बाढ़ प्रभावित लोगों से नेताओं की मुलाकात के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से भी राहत एवं जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।


Post a comment