आवास बोर्ड की जमीन पर विवाद बढ़ा: डॉक्टर पर फायरिंग का आरोप, पुलिस ने गोली चलने से किया इनकार।।


पटना के राजीवनगर थाना क्षेत्र स्थित रोड नंबर-8 में आवास बोर्ड की जमीन को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। पहले डॉक्टर रमेश की ओर से आरोप लगाए गए थे, वहीं अब दूसरे पक्ष के करीमन राय ने डॉक्टर रमेश पर फायरिंग करने का गंभीर आरोप लगाया है।

करीमन राय, जो कुर्जी के रहने वाले बताए जा रहे हैं, ने आरोप लगाया कि इलाके में आवास बोर्ड की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा था और चारदीवारी तोड़ी जा रही थी। इसी दौरान वह पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना रहे थे। आरोप है कि वीडियो बनाने से नाराज होकर डॉक्टर रमेश राय ने उन पर गोली चला दी, जिसमें उनके पैर और सिर में छर्रा लग गया।

करीमन ने बताया कि घटना के बाद वह इलाज के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण बाद में एक निजी अस्पताल में भर्ती हो गए। उन्होंने कहा कि इस मामले में उनकी ओर से भी डॉक्टर रमेश राय और उनके सहयोगियों के खिलाफ राजीवनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।

हालांकि, पुलिस ने फायरिंग की बात से इनकार किया है। इससे पहले एसडीपीओ लॉ एंड ऑर्डर-2 दिव्यांजलि जायसवाल ने बताया था कि गोली चलने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई। पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की घटना हुई है। आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।।

  

Related Articles

Post a comment