बिहार में बाढ़ बन गया है प्रलय, गांव से शहर तक सबकुछ डूब गया, भागलपुर में तो...
- by Manjesh Kumar
- 07-Sep-2026
- Views
भागलपुर: बिहार के कई जिलों में गंगा नदी उफान पर है और खतरे के निशान से काफी ऊपर बह रही है। नदी का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है, जिससे ग्रामीण इलाकों के साथ-साथ शहरी क्षेत्रों में भी तेजी से पानी प्रवेश कर गया है। इस विनाशकारी बाढ़ के कारण लाखों लोगों के सामने गहरा संकट खड़ा हो गया है और स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। भागलपुर के राघोपुर में तटबंध ध्वस्त हो जाने की वजह से खरीक प्रखंड में जलप्रलय जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। शहरी क्षेत्रों की बात करें तो मानिक सरकार, बूढ़ानाथ और तिलकामांझी विश्वविद्यालय परिसर पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं।
गंगा के किनारे बनी बहुमंजिला इमारतों की पहली मंजिल तक पानी भर चुका है, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। राहत और बचाव कार्य तेज आपदा से निपटने के लिए नदी में SDRF और NDRF की दर्जन भर से अधिक नावें लगातार गश्त कर रही हैं। बाढ़ प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकालकर बाढ़ राहत शिविरों में पहुंचाया जा रहा है। SDRF कमांडेंट इंस्पेक्टर नीलू ने बताया कि गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। भागलपुर की डीएम अलंकृता पांडे के निर्देशानुसार SDRF की 6 नावें अकेले शहरी क्षेत्र के प्रभावित इलाकों में लगातार गश्त कर रही हैं। SDRF की टीम पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे गंगा नदी के किनारे या जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें, क्योंकि पानी का बहाव बहुत तेज है और गहराई अधिक होने के कारण जान-माल का बड़ा खतरा हो सकता है।


Post a comment