स्पीड ब्रेकर की मांग पर प्रशासन बेपरवाह, हादसे में अधेड़ की मौत के बाद भड़का ग्रामीणों का गुस्सा
- by Manjesh Kumar
- 09-Sep-2026
- Views
शेखपुरा: शेखपुरा-सिकंदरा मुख्य मार्ग पर बसंत गांव के समीप बुधवार शाम तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 50 वर्षीय अनिल चौधरी की मौत हो गई। मृतक बसंत गांव निवासी स्वर्गीय चंदेश्वर चौधरी के पुत्र थे। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की खबर मिलते ही ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोगों ने बसंत गांव के पास मुख्य सड़क को जाम कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि इस स्थान पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद प्रशासन और संबंधित विभाग की ओर से सुरक्षा के ठोस इंतजाम नहीं किए गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से यहां स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की जा रही है, लेकिन हर बार केवल आश्वासन देकर मामले को टाल दिया जाता है। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और देर शाम तक आवागमन बाधित रहा।


Post a comment