सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि मिलते ही लाभार्थियों के खिल उठे चेहरे, राज्य सरकार को कहा धन्यवाद
- by Manjesh Kumar
- 10-Jul-2026
- Views
भागलपुर: भागलपुर में समाज कल्याण विभाग बिहार सरकार की ओर से सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में 1100 रुपए की पेंशन राशि भेजी गई। इस अवसर पर समीक्षा भवन सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया जहां लाभार्थियों ने सरकार की इस पहल पर खुशी जाहिर की। राशि खाते में पहुंचते ही लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे। कई लाभार्थियों ने बताया कि हर महीने की 10 तारीख को पेंशन की राशि सीधे उनके खाते में आ जाती है, इससे अब दवा, भोजन और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में काफी सहूलियत मिलती है और किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ता है।
कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन की ओर से नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया। इसके माध्यम से लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की जानकारी दी गई और सरकार से मिलने वाली राशि का सही उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया। उप समाहर्ता सह सहायक निदेशक अंकिता चौधरी ने बताया कि भागलपुर जिले के कुल 2 लाख 76 हजार लाभार्थियों को इस योजना का लाभ मिला है। डीबीटी के माध्यम से करीब 40 करोड़ रूपये की पेंशन राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी गई है। लाभार्थियों ने इस पहल के लिए बिहार सरकार और मुख्यमंत्री का धन्यवाद भी व्यक्त किया।


Post a comment