वैशाली के राघोपुर में बड़ा नाव हादसा, डूबने से 11 बच्चे की मौत, सीएम ने की मुआवजे की घोषणा
- by Manjesh Kumar
- 13-Oct-2026
- Views
वैशाली: बड़ी खबर बिहार के वैशाली जिला से है जहां एक बड़ा नाव हादसा हुआ है। हादसे में 11 बच्चों की डूब कर मौत हो गई जिसके बाद इलाके में हडकंप मच गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद सीएम सम्राट ने भी संवेदना व्यक्त की साथ ही पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे की भी घोषणा की। घटना राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद पंचायत की है जहां एक नाव नदी में डूब गई जिसमें 11 बच्चे की डूब कर मौत हो गई। जानकारी के अनुसार रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला स्थित माता महारानी स्थान के निकट सिंघेश्वर राय के यहां भोज था। एक छोटी नाव पर करीब 15 से 20 बच्चे सवार होकर भोज खाने के लिए ढाब के उस तरफ जा रहे थे। इसी दौरान बीच ढाब में नाव डूब गई।
नाव डूबने की सूचना पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही रामपुर श्यामचंद पंचायत के लोग एवं आसपास के गांव के लोग घटनास्थल पर जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से घंटे भर की मशक्कत के बाद कई बच्चों को बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को आनन-फानन में इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राघोपुर फतेहपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर द्वारा जांच के बाद 11 बच्चों को मृत घोषित कर दिया गया। इस दौरान अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मची रही। पूरा अस्पताल परिसर स्थानीय लोगों की भीड़ से भर गया। मृतकों के परिवार वालों का रोते-रोते बुरा हाल है। घटना की सूचना पर राघोपुर प्रखंड में कोहराम मच गया। प्रखंड के विभिन्न गांव से लोग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राघोपुर एवं रामपुर श्यामचंद घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस और प्रशासन को घटना की सूचना दे दी गई है। आगे की कार्रवाई जारी है।
घटना की सूचना पर सीएम सम्राट ने संवेदना व्यक्त की और मृतक के परिजनों को मुआवज़ा दिए जाने की घोषणा की। इसके साथ ही सीएम ने अधिकारियों को मामले की जांच करने का भी आदेश दिया।


Post a comment