हलियापुर में निर्धारित स्थान से गायब हुई रोडवेज बस, तीन किलोमीटर दूर लावारिस हालत में मिली

सुल्तानपुर (उप्र): जिले के हलियापुर थाना क्षेत्र में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की जनता सेवा बस के निर्धारित स्थान से अचानक गायब होने का मामला सामने आया है। गौहनिया गांव के पास खड़ी बस मंगलवार सुबह गायब मिली। तलाश के दौरान बस करीब तीन किलोमीटर दूर तिरहुत मोड़ स्थित जीत मेडिकल स्टोर के पास लावारिस हालत में खड़ी मिली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवहन विभाग में हलचल मच गई। मिली जानकारी के अनुसार, अयोध्या-जगदीशपुर मार्ग पर संचालित रोडवेज बस संख्या UP 42 AT 9923 को चालक उमेश कुमार तिवारी निवासी गौहनिया ने सोमवार शाम करीब सात बजे गौहनिया मजरे हलियापुर के पास खड़ा किया था। मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे बस निर्धारित स्थान से गायब मिली, जिसके बाद चालक ने उसकी तलाश शुरू की।

कुछ देर बाद बस तिरहुत मोड़ स्थित जीत मेडिकल स्टोर के पास मिली। सूचना पर पहुंची हलियापुर पुलिस ने चालक उमेश कुमार तिवारी और परिचालक धर्मेंद्र कुमार निवासी बारुर्न को पूछताछ के लिए थाने पर रोका है। मामले की सूचना रोडवेज के एआरएम और संबंधित इंचार्ज को दे दी गई है। अधिकारियों के पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। आखिर बस तीन किलोमीटर दूर कैसे पहुंची? बस को निर्धारित स्थान से हटाकर दूसरी जगह किसने और किन परिस्थितियों में पहुंचाया, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

  

Related Articles

Post a comment