अपराधियों पर निगरानी में चूक, पूर्णिया एसएसपी का कड़ा एक्शन! मरंगा थाना के SI अरविंद पासवान निलंबित

पूर्णिया: पूर्णिया में अपराधियों पर लगाम लगाने में लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं! एसएसपी डॉ शौर्य सुमन ने साफ कर दिया है कि ड्यूटी में कोताही बरतने वाले पुलिस पदाधिकारियों पर कार्रवाई तय है। इसी कड़ी में मरंगा थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर अरविंद पासवान को निलंबित कर दिया गया है। दरअसल, पूर्णिया जिले में सक्रिय अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने विशेष सूची तैयार की थी। इस सूची में अकेले मरंगा थाना क्षेत्र के करीब 120 अपराधियों के नाम शामिल थे। इन अपराधियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखने, उनके ठिकानों का सत्यापन करने और उनकी हर गतिविधि की नियमित निगरानी करने की जिम्मेदारी सब इंस्पेक्टर अरविंद पासवान को सौंपी गई थी।

आरोप है कि इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलने के बावजूद संबंधित पदाधिकारी ने अपने कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरती। अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी नहीं रखी गई। इसी बीच मधुबनी थाना क्षेत्र में एक अपराधी द्वारा बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम दिए जाने की सूचना सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने संबंधित पुलिस पदाधिकारी की भूमिका और लापरवाही को गंभीरता से लिया और तत्काल निलंबन की कार्रवाई की।

एसएसपी का यह एक्शन पुलिस महकमे के लिए स्पष्ट संदेश है—अपराधियों को खुली छूट नहीं मिलेगी और अपराधियों पर निगरानी की जिम्मेदारी निभाने में लापरवाही करने वाले पुलिसकर्मियों को भी बख्शा नहीं जाएगा। अब सवाल यह है कि जब 120 हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी की जिम्मेदारी थी, तो आखिर पुलिस की निगरानी व्यवस्था में चूक कहां हुई? पूर्णिया पुलिस की इस कार्रवाई ने पूरे पुलिस महकमे में जवाबदेही का संदेश दे दिया है।

  

Related Articles

Post a comment