मुजफ्फरपुर पुलिस महकमे में SSP का बड़ा एक्शन, दो थानों के प्रभारी लाइन हाजिर

मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर पुलिस महकमे में वरीय पुलिस अधीक्षक का सख्त तेवर देखने को मिला है। पुलिसिंग में लापरवाही और अपराध नियंत्रण में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं होने के मामले में एसएसपी ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के तहत जिले के दो पुलिस पदाधिकारियों को उनके वर्तमान पदस्थापन से हटाकर पुलिस केंद्र मुजफ्फरपुर भेज दिया गया है। कार्रवाई की जद में पियर थानाध्यक्ष कुंदन कुमार और कच्ची-पक्की ओपी अध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक कुमारी पुष्पा आए हैं।

लंबित कांडों के निष्पादन में लापरवाही पड़ी भारी

मिली जानकारी के अनुसार, पियर थानाध्यक्ष कुंदन कुमार के खिलाफ लंबित कांडों के निष्पादन में लापरवाही को लेकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पूर्वी-2 की ओर से प्रतिवेदन सौंपा गया था। इस मामले में उनसे स्पष्टीकरण की मांग की गई थी, लेकिन निर्धारित प्रक्रिया के बावजूद उन्होंने अपना स्पष्टीकरण समर्पित नहीं किया। इसके बाद उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्हें वर्तमान पदस्थापन से हटाने का निर्णय लिया गया।

कच्ची-पक्की ओपी अध्यक्ष के कार्यों पर भी उठे सवाल

वहीं, कच्ची-पक्की ओपी के कार्यों और अपराध नियंत्रण की समीक्षा के दौरान ओपी अध्यक्ष कुमारी पुष्पा का कार्य निष्पादन संतोषजनक नहीं पाया गया। समीक्षा में सामने आई कमियों के बाद उनके खिलाफ भी प्रशासनिक कार्रवाई की गई। दोनों पुलिस पदाधिकारियों को तिरहुत क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) की स्वीकृति मिलने के बाद उनके वर्तमान पदस्थापन से मुक्त करते हुए पुलिस केंद्र मुजफ्फरपुर वापस कर दिया गया है।

SSP की कार्रवाई से पुलिस महकमे में हलचल

मुजफ्फरपुर एसएसपी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। इस कार्रवाई को थानों की कार्यशैली में सुधार, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस पदाधिकारियों के लिए कड़े संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। एसएसपी की इस सख्ती से साफ संकेत है कि पुलिसिंग में लापरवाही और जिम्मेदारियों के निर्वहन में कोताही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की जा सकती है।

  

Related Articles

Post a comment