आरा में शादी समारोह में ताबड़तोड़ फायरिंग, दो दोस्तों की हत्या, तीसरा गंभीर घायल

आरा में शादी समारोह के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग, दो दोस्तों की हत्या, तीसरा गंभीर घायल

आरा। बिहार के आरा शहर से सटे मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बीबीगंज चकिया गांव में मंगलवार रात एक शादी समारोह के दौरान सनसनीखेज वारदात हुई। हथियारबंद बदमाशों ने तीन दोस्तों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस गोलीबारी में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

सदर अस्पताल पहुंचने से पहले दो युवकों की मौत

गोली लगने के बाद तीनों युवकों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया जा रहा था। लेकिन रास्ते में ही राहुल कुमार और दीपक कुमार ने दम तोड़ दिया। घायल सोनू कुमार का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। जानकारी के मुताबिक, राहुल को दो गोलियां और दीपक को चार गोलियां लगी थीं।

शुभकरणगंज गांव के रहने वाले थे दोनों मृतक

मृतकों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शुभकरणगंज गांव निवासी सनोज यादव के 20 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार और महंत यादव के 21 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायल सोनू कुमार दौलतपुर गांव निवासी सुरेंद्र यादव का 18 वर्षीय पुत्र है।

रिश्तेदार की शादी में शामिल होने पहुंचे थे तीनों दोस्त

मृतकों के दोस्त विक्की कुमार के मुताबिक, राहुल कुमार की मां की लड़की की शादी में शामिल होने के लिए वह राहुल, दीपक और सोनू समेत अन्य दोस्तों के साथ बीबीगंज चकिया गांव पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे और तीनों दोस्तों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। अचानक हुई फायरिंग से समारोह में मौजूद लोगों के बीच भगदड़ मच गई।

डेमन यादव और आशीष यादव पर हत्या का आरोप

विक्की कुमार ने गौसगंज निवासी डेमन यादव और उसके भतीजे आशीष यादव पर गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि, वारदात के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। शुरुआती जांच में पूर्व के विवाद को लेकर गोलीबारी किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी

घटना की सूचना मिलने के बाद सदर एसडीपीओ वन सुशील कुमार, मुफस्सिल थानाध्यक्ष संजीव कुमार और नवादा थानाध्यक्ष कुमार रजनीकांत पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। पुलिस आरोपों की जांच करने के साथ ही गोलीबारी के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

शादी समारोह में हुई इस दोहरी हत्या की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

  

Related Articles

Post a comment