बक्सर के पुराने सदर अस्पताल में कबाड़ एंबुलेंस में लगी भीषण आग, पारा मेडिकल छात्रावास में मची अफरा-तफरी
- by Raushan Pratyek Media
- 29-Nov-2026
- Views
बक्सर के पुराने सदर अस्पताल में कबाड़ एंबुलेंस में लगी भीषण आग, पारा मेडिकल छात्रावास में मची अफरा-तफरी
बिहार के बक्सर जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है। पुराने सदर अस्पताल परिसर में वर्षों से खड़ी दर्जनों खराब एंबुलेंस में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद बगल में स्थित पारा मेडिकल छात्रावास में रहने वाले छात्रों के बीच अफरा-तफरी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, पुराने सदर अस्पताल परिसर में पारा मेडिकल छात्रावास के ठीक बगल में लंबे समय से दर्जनों खराब एंबुलेंस कबाड़ के रूप में खड़ी थीं। सुबह अचानक इन एंबुलेंस में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे परिसर में धुआं फैल गया।
तीन दमकल गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए तीन दमकल गाड़ियों को लगाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी देर तक मशक्कत की, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका।
दमकल प्रशासन के अनुसार, शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि अलाव तापने के दौरान निकली चिंगारी से एंबुलेंस में आग लगी होगी। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
राहत की बात यह रही कि आग पारा मेडिकल छात्रावास तक नहीं पहुंची, अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था।
छात्रावास की बदहाल व्यवस्था पर छात्रों ने उठाए सवाल
इस घटना ने पुराने सदर अस्पताल परिसर स्थित पारा मेडिकल छात्रावास की व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्रों का आरोप है कि छात्रावास के ठीक बगल में वर्षों से खराब एंबुलेंस खड़ी हैं, जिससे हमेशा खतरे की आशंका बनी रहती है।
छात्रों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद कोई अधिकारी या सिविल सर्जन उनका हाल जानने नहीं पहुंचा। आग लगने के दौरान अधिकारियों को फोन किया गया, लेकिन उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया।
छात्र अंकित कुमार ने बताया कि छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को ऐसा महसूस होता है, जैसे वे लावारिस हालत में रह रहे हों। यहां की विधि-व्यवस्था पूरी तरह बदहाल है। आग लगने के बाद भी अधिकारियों की ओर से अपेक्षित मदद नहीं मिली। कुछ अधिकारियों के मोबाइल फोन तक बंद मिले।
छात्रों में भारी आक्रोश, प्रशासन की जवाबदेही पर सवाल
घटना के बाद छात्रों में भारी आक्रोश है। उनका सवाल है कि यदि आग की लपटें छात्रावास तक पहुंच जातीं और कोई बड़ा हादसा हो जाता, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता?
फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन इस घटना ने अस्पताल परिसर में कबाड़ वाहनों के रखरखाव और छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्रों ने प्रशासन से व्यवस्था में सुधार और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।


Post a comment