शरद पूर्णिमा पर काढ़ागोला घाट में चला वृहद स्वच्छता अभियान, गंगा पूजन के बाद हुई भव्य आरती
- by Manjesh Kumar
- 25-Oct-2026
- Views
गंगा समग्र कटिहार (उत्तर बिहार) के स्वयंसेवकों ने आयोजित किया 42वां मासिक गंगा आरती कार्यक्रम, ‘हर हर गंगे’ के जयकारों से भक्तिमय हुआ वातावरण
कटिहार: शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर गंगा समग्र कटिहार (उत्तर बिहार) के स्वयंसेवकों द्वारा काढ़ागोला गंगा घाट पर वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्वच्छता कार्यक्रम के उपरांत गंगा नदी की निर्मलता और घाट की स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से गंगा पूजन एवं भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। शंखनाद और ‘हर हर गंगे’, ‘हर हर महादेव’ के जयकारों से पूरा घाट भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम में पुरोहित प्रमुख दिवाकर मिश्रा के नेतृत्व में वैदिक विधि-विधान के साथ मां गंगा का पूजन किया गया। इसके बाद भव्य गंगा आरती संपन्न हुई। शरद पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित यह 42वां मासिक गंगा आरती कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
पुरोहित प्रमुख दिवाकर मिश्रा ने कहा कि सनातन धर्म में शरद पूर्णिमा का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन चंद्रमा अपनी सोलह कलाओं से परिपूर्ण होता है। इस अवसर पर पूजा-अर्चना करने से मां लक्ष्मी और भगवान नारायण की विशेष कृपा प्राप्त होती है। गंगा समग्र के जिला संयोजक नवीन चौधरी ‘बाबा’ एवं जिला सहसंयोजक मनोज साह ने बताया कि काढ़ागोला घाट को स्वच्छ एवं जागरूकता का केंद्र बनाने के लिए स्वयंसेवक लगातार प्रयास कर रहे हैं। मां गंगा की स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने और काढ़ागोला घाट की धार्मिक पहचान को पुनर्स्थापित करने के उद्देश्य से विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि स्वयंसेवकों द्वारा प्रत्येक सप्ताह स्वच्छता अभियान चलाया जाता है, जबकि हर पूर्णिमा को गंगा पूजन एवं मासिक गंगा आरती का आयोजन किया जाता है। कार्यक्रम में आरती प्रमुख जीवछ गुप्ता, घाट प्रमुख राजकुमार साह, सुशील राय, सुमन पासवान, मुनिलाल साह, राहुल राज, प्रमोद पासवान, रूदल मंडल, महाराणा मंडल सहित अन्य स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।


Post a comment