संतमत सत्संग के 67वें अधिवेशन के सफाई कर्मियों को किया गया सम्मानित, वक्ताओं ने कहा 'आपका योगदान अतुलनीय'
- by Manjesh Kumar
- 06-Nov-2026
- Views
पूर्णिया: पूर्णिया के बनमनखी अनुमंडल क्षेत्र में आयोजित दो दिवसीय जिला भारती संतमंत सत्संग के 67वें वार्षिक अधिवेशन का समापन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता के भाव के साथ हुआ। इस मौके पर जिला मंत्री सह अधिवक्ता शशि शेखर कुमार ने कहा कि धार्मिक एवं आध्यात्मिक समागम में जहाँ एक ओर संतों के ओजस्वी विचारों और प्रवचनों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा, वहीं दूसरी ओर समाज सेवा और स्वच्छता के प्रति एक मिसाल पेश की गई।
अधिवेशन के दौरान समाज के असली नायकों नगर परिषद बनमनखी के समस्त सफाई कर्मियों को आमंत्रित कर अंग वस्त्र (शॉल) भेंटकर उनका भव्य सम्मान किया गया। संत मंच के पदाधिकारियों एवं गणमान्य अतिथियों ने सफाई कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर को स्वच्छ, सुंदर और रोगमुक्त बनाए रखने में इनका योगदान अतुलनीय है। सफाई कर्मी समाज की रीढ़ की हड्डी हैं और उनका सम्मान करना वस्तुतः स्वच्छता और मानवता का सम्मान है।
सम्मान पाकर सफाई कर्मियों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने इस सराहनीय पहल के लिए संत मंच एवं आयोजकों का सहृदय धन्यवाद व्यक्त किया। इस मौके पर वीरेंद्र बाबा ने नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी एवं सभापति वार्ड पार्षद का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर राजकुमार भगत, विजय पासवान एवं सभी सफाई कर्मचारी स्थानीय श्रद्धालु, संत समाज, समाजसेवी एवं नगर परिषद के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Post a comment