काली पूजा के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य, तय रूट से होगा प्रतिमा विसर्जन

दीपावली, काली पूजा और छठ को लेकर बरारी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक, सुरक्षित घाटों पर अर्घ्य देने की अपील

कटिहार: दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बरारी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष सुमेश कुमार ने की। बैठक में थानाध्यक्ष ने दीपावली के दौरान आतिशबाजी से परहेज करने और आपसी सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि काली पूजा के आयोजन के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। प्रतिमा विसर्जन निर्धारित तिथि एवं प्रशासन द्वारा तय रूट के अनुसार ही करना होगा। वहीं, जागरण और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन से पहले प्रशासन से अनुमति लेना आवश्यक होगा।

छठ महापर्व की तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा करते हुए अंचलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि बाढ़ के कारण नदियों में जगह-जगह कछार और अन्य जोखिम की आशंका बनी हुई है। ऐसे में श्रद्धालु खतरनाक नदी घाटों पर जाने से बचें और सुरक्षित घाटों पर ही छठ पूजा करें। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान संवेदनशील एवं प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल के साथ दंडाधिकारी की तैनाती की जाएगी, ताकि सभी पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें।

बैठक में जदयू प्रखंड अध्यक्ष मनोज सिंह कुशवाहा, एमएलसी प्रतिनिधि राजीव कुमार भारती, विधायक प्रतिनिधि राजीव चौधरी, जदयू नेता चंद्रमोहन सिंह, राजद नेता अमरेंद्र सिंह संजू सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

  

Related Articles

Post a comment