11 दिन में चौथी बार बढ़े डीजल पेट्रोल के दाम, जाने अब पटना में कितने रुपए प्रति लीटर मिलेगा
- by Manjesh Kumar
- 25-May-2026
- Views
पटना: मिडल ईस्ट में लगातार बढ़ते तनाव का असर विश्व के सभी देशों पर पड़ता हुआ दिख रहा है। इसका असर भारत पर भी पड़ रहा है। पिछले 11 दिनों में देश में चौथी बार पेट्रोल डीजल के मूल्य में वृद्धि की गई है। इस बार पेट्रोल करीब 2.61 रुपए प्रति लीटर जबकि डीजल करीब 2.71 रूपए प्रति लीटर महंगा है है। नई कीमतें लागू होने के बाद से वाहन चालाक्ज किसान और व्यापारियों समेत आम लोगों में नाराजगी देखी जा रही है क्योंकि इसका असर आम जनजीवन पर भी पड़ने वाला है। पेट्रोल डीजल के दाम में बढ़ोतरी के साथ ही अन्य चीजों के दाम में भी लगातार बढ़ोतरी होगी।
पेट्रोल के दाम में इजाफा होने के बाद पटना में इसकी कीमत 112.70 रुपये प्रति लीटर हो गया है। पटना में डीजल का दाम बढ़कर 99.87 रुपये प्रति लीटर हो गया है। इससे पहले 23 मई को ही पेट्रोल -डीजल के दाम बढ़े थे. लगातार बढ़ रही महंगाई के बीच पेट्रोल-डीजल की कीमतों में इजाफा होने से रोजमर्रा की जरूरतों पर भी असर पड़ने लगा है।
बाजार में किराया, माल ढुलाई और खाद्य पदार्थों की कीमतें बढ़ने की आशंका जताई जा रही है. खासकर ग्रामीण इलाकों में डीजल महंगा होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि खेती-किसानी के अधिकांश कार्य डीजल आधारित मशीनों पर निर्भर हैं। लोगों का कहना है कि पहले से ही रसोई गैस, खाद्य तेल और सब्जियों की कीमतें आसमान छू रही हैं, अब पेट्रोल-डीजल की नई बढ़ोतरी ने घरेलू बजट बिगाड़ दिया है। वाहन चालकों ने कहा कि रोजाना सफर करना अब महंगा साबित हो रहा है। बता दें इससे पहले 15 मई को पेट्रोल डीजल में करीब 3 रुपए की बढ़ोतरी की गई जबकि दूसरी बार 19 मई को पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे महंगे हुए। फिर 23 मई को तीसरी बार पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ और अब एक बार फिर सोमवार से चौथी बार पेट्रोल 2.61 रुपये और डीजल 2.71 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ।


Post a comment