आनंद मोहन के समर्थन में उतरे पप्पू यादव, सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर उठाए सवाल
- by Raushan Pratyek Media
- 27-Nov-2026
- Views
आनंद मोहन के समर्थन में उतरे पप्पू यादव, सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर उठाए सवाल, बोले- हत्या का इरादा नहीं था
जी. कृष्णैया हत्याकांड में पूर्व सांसद की समय से पहले रिहाई रद्द होने के बाद बिहार की राजनीति गरमाई, पूर्णिया सांसद ने सरकार पर लगाया सत्ता के इस्तेमाल का आरोप
बिहार की राजनीति में पूर्व सांसद आनंद मोहन की दोबारा जेल वापसी का मामला लगातार चर्चा में है। जी. कृष्णैया हत्याकांड में दोषी ठहराए गए आनंद मोहन को समय से पहले जेल से रिहा करने के बिहार सरकार के फैसले को सुप्रीम कोर्ट ने रद्द कर दिया है। शीर्ष अदालत ने उन्हें एक महीने के भीतर जेल प्रशासन के सामने आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है। इस फैसले के बाद बिहार में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
अब पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव आनंद मोहन के समर्थन में उतर आए हैं। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के फैसले और बिहार सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि यह कैसा कानून है। पप्पू यादव का कहना है कि आनंद मोहन का हत्या करने का इरादा नहीं था और घटना भीड़ के बीच हुई थी।
पप्पू यादव बोले- आनंद मोहन का हत्या करने का इरादा नहीं था
मीडिया से बातचीत के दौरान पप्पू यादव ने कहा कि आनंद मोहन को जेल में रहते हुए 14 साल से अधिक समय बीत चुका था। उन्होंने कहा कि यह कोई आदतन हत्या का मामला नहीं था और आनंद मोहन का कहीं से भी हत्या करने का इरादा नहीं था।
पप्पू यादव ने कहा, "हमें तो समझ नहीं आता है कि यह आखिर कैसा लॉ है। पहले भी जेल मैनुअल में संशोधन होता रहा है। उनको 14 साल बीत गए। आदतन मर्डर भी नहीं था। इरादा कहीं से भी हत्या का नहीं था। भीड़ में एक घटना हुई। पूरी दुनिया को पता है कि आनंद मोहन का इरादा गलत नहीं था।"
उन्होंने आगे कहा कि जब आनंद मोहन सांसद और विधायक रहे, तब भी इस मामले को लेकर राजनीतिक और कानूनी परिस्थितियां अलग-अलग रही हैं। अब जब रिहाई की प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए हैं तो बीजेपी सरकार को इसका जवाब देना चाहिए था।
सत्ता के इस्तेमाल पर भी उठाए सवाल
पप्पू यादव ने अपने बयान में सत्ता और राजनीतिक दलों की कार्यप्रणाली पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीति में जरूरत के हिसाब से नेताओं का इस्तेमाल किया जाता है और जरूरत खत्म होने के बाद उन्हें किनारे कर दिया जाता है।
उन्होंने कहा, "सत्ता इतनी घिनौनी हो चुकी है। आंखमिचौली का खेल खेलते रहते हैं। सरकार हमेशा यूज एंड थ्रो करती है। जब जरूरत थी तो कई एमएलए, एमपी को लाए और जब जरूरत खत्म हो गई तब अपने सुविधा के अनुसार उन्होंने लॉ को ही रिफाइन कर दिया या चुप हो गए। सब सत्ता का खेल है कि किसको फंसाना है और किसको निकालना है।"
पप्पू यादव के इस बयान के बाद आनंद मोहन की रिहाई और सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर राजनीतिक बहस और तेज होने की संभावना है।
सुप्रीम कोर्ट ने रद्द किया बिहार सरकार का फैसला
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने 26 नवंबर को बिहार सरकार की ओर से आनंद मोहन को दी गई समयपूर्व रिहाई की छूट को रद्द कर दिया। न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति शील नागू की पीठ ने बिहार सरकार के जेल मैनुअल में किए गए 2023 के संशोधन को भी असंवैधानिक करार देते हुए निरस्त कर दिया।
अदालत ने आनंद मोहन को एक महीने के भीतर संबंधित जेल प्रशासन के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि बिहार सरकार कानून के अनुसार दोबारा रिहाई की प्रक्रिया पर विचार कर सकती है, लेकिन इसके लिए निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करना होगा और जी. कृष्णैया की पत्नी को भी अपना पक्ष रखने का अवसर देना होगा।
क्या है जी. कृष्णैया हत्याकांड?
यह मामला वर्ष 1994 का है, जब गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया की मुजफ्फरपुर में भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। उस समय आनंद मोहन विधायक थे। उन पर भीड़ को उकसाने का आरोप लगा था और अदालत ने उन्हें इस मामले में दोषी ठहराया था।
वर्ष 2007 में निचली अदालत ने आनंद मोहन को मृत्युदंड सुनाया था, जिसे पटना हाईकोर्ट ने वर्ष 2008 में उम्रकैद में बदल दिया। सुप्रीम कोर्ट ने भी वर्ष 2012 में उम्रकैद की सजा को बरकरार रखा था।
इसके बाद बिहार सरकार ने अप्रैल 2023 में जेल मैनुअल में संशोधन किया, जिसके बाद आनंद मोहन को समय से पहले रिहाई मिली थी। अब सुप्रीम कोर्ट ने इसी संशोधन और उसके आधार पर दी गई रिहाई को निरस्त कर दिया है।
फिर से जेल जाने के आदेश के बाद बिहार में सियासी हलचल
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद आनंद मोहन की दोबारा जेल वापसी का रास्ता साफ हो गया है। हालांकि, अदालत ने सरकार के लिए निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत दोबारा छूट पर विचार करने का विकल्प खुला रखा है।
इस पूरे मामले में पप्पू यादव का आनंद मोहन के समर्थन में बयान देना बिहार की राजनीति में एक नया मुद्दा बन गया है। अब देखना होगा कि इस मामले पर राज्य सरकार और अन्य राजनीतिक दलों की ओर से आगे क्या प्रतिक्रिया आती है।


Post a comment