नप गए सहरसा सदर अस्पताल में पत्रकार के साथ मारपीट करने वाले दोनों डॉक्टर, विभाग ने स्पष्टीकरण मांगते हुए राज्य मुख्यालय में योगदान देने का दिया निर्देश
- by Manjesh Kumar
- 18-Sep-2026
- Views
सहरसा: सहरसा सदर अस्पताल में पत्रकार के साथ मारपीट मामले में विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने मारपीट में आरोपी दोनों डॉक्टरों को तत्काल प्रभाव से स्वास्थ्य विभाग पटना ने योगदान देने का निर्देश जारी किया है। स्वास्थ्य विभाग ने जारी अधिसूचना में कहा है कि मामले की जांच के बाद जिला पदाधिकारी ने आरोप प्रतिवेदित किया है। आरोप है कि सदर अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक डॉ सुशील कुमार आजाद और चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रोशन लाल ने न सिर्फ पत्रकार के साथ मारपीट और अभद्रता की बल्कि बाद में सीसीटीवी फुटेज को भी मिटा दिया। दोनों डॉक्टरों से एक सप्ताह के अंदर स्पष्टीकरण की मांग की गई है साथ ही उन्हें स्वास्थ्य विभाग पटना में योगदान देने का निर्देश जारी किया गया है। डॉक्टरों के जवाब के आधार पर फिर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग के द्वारा जारी अधिसूचना अवर सचिव उपेंद्र राम के हस्ताक्षर से जारी किया गया है। आदेश की प्रतिलिपि सहरसा जिला पदाधिकारी, सिविल सर्जन और स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गयी है। बता दें कि मामला उस समय सामने आया था, जब मध्याह्न भोजन से बच्चों के बीमार होने की घटना की रिपोर्टिंग के लिए मीडिया कर्मी सदर अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान कथित तौर पर मीडिया कर्मी के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की घटना हुई। सरकारी आदेश में सीसीटीवी फुटेज मिटाने के आरोप का भी उल्लेख किया गया है।


Post a comment