बाइक की टक्कर के बाद दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प, चली गोलियां
- by Manjesh Kumar
- 18-Sep-2026
- Views
बाइक टक्कर के विवाद में गोली चलाने का आरोप, क्रशर संचालक गिरफ्तार, लाइसेंसी हथियार और खोखा बरामद। पीड़ित पक्ष का आरोप 'विवाद बढ़ने पर क्रशर पर कई राउंड चली गोलियां, पिता-पुत्र के खिलाफ प्राथमिकी'
शेखपुरा: जिले के चेवाड़ा थाना क्षेत्र में बाइक और कार की टक्कर के बाद उपजे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। माने गांव स्थित क्रशर के पास दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद में कई राउंड गोली चलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि गोलीबारी में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को लाइसेंसी हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार बरारीबीघा निवासी विलास चौहान के पुत्र नकुल कुमार बाइक से घर जा रहे थे। इसी दौरान माने गांव के समीप उनकी बाइक की टक्कर चकदीवान मोहल्ला निवासी रंजीत कुमार यादव की कार से हो गई।
हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और नकुल कुमार घायल हो गए।इसके बाद बाइक सवार के समर्थक माने गांव स्थित क्रेशर पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त बाइक के मुआवजे की मांग करने लगे। इसी दौरान दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। आरोप है कि रंजीत कुमार यादव के कहने पर उनके पुत्र लक्ष्मण कुमार यादव ने लाइसेंसी हथियार से कई चक्र गोली चला दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रंजीत कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। मौके से हथियार, खोखा और अतिरिक्त गोलियां भी बरामद की गईं। प्राथमिकी में रंजीत यादव और लक्ष्मण यादव को आरोपी बनाया गया है। चेवाड़ा थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में पिता-पुत्र दोनों पर प्राथमिकी दर्ज है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।


Post a comment