काढ़ागोला घाट से गंगा संरक्षण का संदेश, स्वयंसेवकों ने चलाया स्वच्छता अभियान
- by Manjesh Kumar
- 27-Sep-2026
- Views
विश्व नदी दिवस पर गंगा समग्र का आयोजन, श्रद्धालुओं को प्लास्टिक-कचरा और साबुन-शैंपू नदी में नहीं डालने की अपील; पूजा के बाद हुई गंगा आरती
कटिहार: विश्व नदी दिवस के अवसर पर रविवार को काढ़ागोला घाट पर गंगा समग्र, कटिहार (उत्तर बिहार) के स्वयंसेवकों ने व्यापक स्वच्छता अभियान चलाकर गंगा और उसकी सहायक नदियों के संरक्षण का संदेश दिया। घाट परिसर की सफाई के साथ स्वयंसेवकों ने स्नान के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए जागरूक किया। लोगों से प्लास्टिक, कूड़ा-कचरा, साबुन और शैंपू नदी में प्रवाहित नहीं करने की अपील की गई। गंगा समग्र के जिला संयोजक नवीन चौधरी ‘बाबा’ और जिला सहसंयोजक मनोज साह ने बताया कि विश्व नदी दिवस संगठन का राष्ट्रीय कार्यक्रम है। कटिहार जिला इकाई के स्वयंसेवक हर वर्ष विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आम लोगों को मां गंगा और उसकी सहायक नदियों के प्रति जागरूक करते हैं।
अभियान के बाद स्वयंसेवकों ने मां गंगा का पूजन किया और भव्य गंगा आरती की। नवीन चौधरी ‘बाबा’ ने कहा कि नदी संरक्षण सिर्फ घाट की सफाई तक सीमित नहीं है। नदियों की पारिस्थितिक, जैविक और जलवैज्ञानिक अखंडता को बनाए रखना जरूरी है। नदियां अपने प्राकृतिक मार्ग में स्वतंत्र रूप से बहें, नदी क्षेत्र अतिक्रमण से मुक्त रहे, जल का सतत उपयोग हो और प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण रहे—इसी व्यापक सोच के साथ गंगा समग्र कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में आरती प्रमुख जीवछ गुप्ता, घाट प्रमुख राजकुमार साह, महाराणा मंडल, मन्नू साह, राहुल राज, मुनिलाल साह, बिपिन भगत, रूदल मंडल, संजू राय समेत कई स्वयंसेवक मौजूद रहे।


Post a comment