नाली-गली निर्माण में अड़ंगा डालने का आरोप, पूर्व ठेकेदार पर 10-20 हजार रुपये मांगने का दावा
- by Manjesh Kumar
- 27-Sep-2026
- Views
शेखपुरा: अरियरी प्रखंड क्षेत्र के विमान गांव में नाली-गली निर्माण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य से उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं है, बल्कि गांव में जरूरी विकास कार्य कराया जा रहा है। इसके बावजूद पूर्व ठेकेदार द्वारा कथित रूप से निर्माण कार्य में बार-बार बाधा डाली जा रही है। स्थानीय ग्रामीण विकेश कुमार पांडे, नवनीत कुमार, अर्जुन प्रसाद, नरेश पांडे, राखी मिश्रा समेत अन्य ने आरोप लगाया कि पूर्व ठेकेदार राजेश सिंह वर्तमान ठेकेदार पर लगातार दबाव बना रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, निर्माण कार्य रुकवाने के लिए कभी जिलाधिकारी तो कभी उप विकास आयुक्त के यहां आवेदन दिया जाता है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि वर्तमान ठेकेदार से कभी 10 हजार तो कभी 20 हजार रुपये की मांग की जाती है। रुपये नहीं देने पर निर्माण कार्य बंद करा देने की धमकी दिए जाने का भी दावा किया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि आर्थिक मांग पूरी नहीं होने के कारण निर्माण कार्य को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने तथा विकास कार्य को निर्बाध रूप से पूरा कराने की मांग की है।


Post a comment